ट्राई ने हिमाचल और मध्यप्रदेश में मोबाइल नेटवर्क की जांच, जियो और एयरटेल आगे

 


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) ने मई में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर, बिलासपुर एवं आसपास और जून में मध्यप्रदेश के भोपाल शहर, इंदौर‑नीमच हाई-वे और बिलासपुर‑अंबिकापुर हाई-वे पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की। रिपोर्ट में पाया गया कि जियो और एयरटेल ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि बीएसएनएल और वीआई का नेटवर्क कई स्थानों पर कमजोर रहा।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि भोपाल शहर में कवरेज गैप एयरटेल के लिए 293, बीएसएनएल के लिए 1532, जियो के लिए 131 और वीआई के लिए 473 नमूनों में दर्ज हुआ। कॉल ड्रॉप में एयरटेल 3, बीएसएनएल 16, जियो 1 और वीआई 1 कॉल में असफल रहे। डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो सबसे आगे रहा जिसकी औसत स्पीड 291.53 एमबीपीएस रही, एयरटेल 44.25 एमबीपीएस, वीआई 63.96 एमबीपीएस और बीएसएनएल 10.68 एमबीपीएस पर रहे।

इंदौर से नीमच हाईवे पर कवरेज गैप एयरटेल 442, बीएसएनएल 7023, जियो 822 और वीआई 557 नमूनों में दर्ज हुआ। कॉल ड्रॉप में जियो का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा, उसके एक भी कॉल ड्रॉप नहीं हुए। डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो 216.50 एमबीपीएस, एयरटेल 86.90 एमबीपीएस, वीआई 21.44 एमबीपीएस और बीएसएनएल 9.13 एमबीपीएस रही।

बिलासपुर से अंबिकापुर हाईवे पर कवरेज गैप एयरटेल 3293, बीएसएनएल 5201, जियो 2114 और वीआई 4548 नमूनों में दर्ज हुआ। कॉल ड्रॉप में एयरटेल 4, बीएसएनएल 14, जियो 2 और वीआई 6 कॉल असफल रहे। डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो 150.95 एमबीपीएस, एयरटेल 40.32 एमबीपीएस, वीआई 17.99 एमबीपीएस और बीएसएनएल 10.76 एमबीपीएस रही।

हिमाचल प्रदेश में मई 2026 में किए गए परीक्षण में हमीरपुर और बिलासपुर मार्ग पर जियो और एयरटेल ने बेहतर प्रदर्शन किया। हमीरपुर मार्ग पर जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 243.12 एमबीपीएस और एयरटेल की 171.15 एमबीपीएस रही, जबकि बीएसएनएल 11.29 एमबीपीएस और वीआई 13.51 एमबीपीएस पर रहे। कॉल ड्रॉप में एयरटेल और जियो के एक भी कॉल ड्रॉप नहीं हुए, जबकि बीएसएनएल में 18 और वीआई में 1 कॉल ड्रॉप दर्ज हुए।

बिलासपुर मार्ग पर जियो की डाउनलोड स्पीड 172.19 एमबीपीएस, एयरटेल 87.49 एमबीपीएस, वीआई 13.62 एमबीपीएस और बीएसएनएल 6.92 एमबीपीएस रही। कॉल ड्रॉप में एयरटेल 2, बीएसएनएल 29, जियो 3 और वीआई 11 कॉल असफल रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर