टॉप 10 में शामिल देश की 9 कंपनियों के मार्केट कैप में 3.65 लाख करोड़ की बढ़ोतरी

 




नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई जोरदार खरीदारी के कारण सेंसेक्स की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूएबल कंपनियों में शामिल नौ कंपनियों के मार्केट कैप में कुल मिलाकर 3.65 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। इस दौरान सबसे अधिक फायदा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को हुआ, जबकि मार्केट कैप में बढ़ोतरी के मामले में भारती एयरटेल दूसरे और इंफोसिस तीसरे स्थान पर रही। दूसरी ओर टॉप 10 में शामिल लार्सन एंड टूब्रो के मार्केट कैप में नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई।

पिछले सप्ताह के दौरान टॉप 10 मोस्ट वैल्यूएबल कंपनियों में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और इंफोसिस के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई। इन कंपनियों के मार्केट कैप में 3,65,081.99 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) ऐसी इकलौती कंपनी रही, जिसके मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद गिरावट दर्ज की गई।

पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 1,08,542.63 करोड़ रुपये बढ़कर 8,91,134.96 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 61,406.53 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 11,88,815.45 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा इंफोसिस का मार्केट कैप 55,893.05 करोड़ रुपये बढ़कर 4,71,409.41 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद कंपनी का मार्केट कैप 53,047.56 करोड़ रुपये बढ़कर 16,37,437.19 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 32,379.05 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 11,22,628.07 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप भी 30,769.95 करोड़ रुपये बढ़कर 10,02,871.44 करोड़ रुपये हो गया।

इसके अलावा बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 14,786.65 करोड़ रुपये बढ़कर 6,11,326.72 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 4,933.50 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,02,204.82 करोड़ रुपये हो गया। वहीं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का मार्केट कैप 3,323.07 करोड़ रुपये बढ़कर 8,87,722.84 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इन नौ कंपनियों के रुख के विपरीत पिछले सप्ताह के कारोबार में लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 9,232.26 करोड़ रुपये घट कर 4,99,725.06 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 16,37,437.19 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के रूप में पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद भारती एयरटेल 11,88,815.45 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ दूसरे, एचडीएफसी बैंक 11,22,628.07 करोड़ रुपये के साथ तीसरे, आईसीआईसीआई बैंक 10,02,871.44 करोड़ रुपये के साथ चौथे और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 8,91,134.96 करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर रही।

इसी तरह भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) 8,87,722.84 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ छठे, बजाज फाइनेंस 6,11,326.72 करोड़ रुपये के साथ सातवें, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) 5,02,204.82 करोड़ रुपये के साथ आठवें, लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) 4,99,725.06 करोड़ रुपये के साथ नौवें और इंफोसिस 4,71,409.41 करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ दसवें स्थान पर रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक