टॉप 10 में शामिल देश की 9 कंपनियों के मार्केट कैप में 2.74 लाख करोड़ की गिरावट
नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल नौ कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई, जबकि छह कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई। देश में मार्केट कैप के मामले में शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से नौ के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 2.74 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ, जबकि मार्केट कैप में गिरावट के मामले में दूसरा स्थान रिलायंस इंडस्ट्रीज ने हासिल किया।
दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल सिर्फ एक कंपनी के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान 152 करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। पिछले सप्ताह चौतरफा दबाव के बीच हुए कारोबार में मार्केट कैप में बढ़ोतरी हासिल करने वाली एकमात्र कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर रही।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और लार्सन एंड टूब्रो के मार्केट कैप में 2,74,078.37 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में 152.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।
पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 1,18,383.91 करोड़ रुपये घट कर 11,43,985.90 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 65,429.82 करोड़ रुपये की कमजोरी के साथ 17,29,661.44 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 26,814.94 करोड़ रुपये कम होकर 9,36,953.84 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं, बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 26,802.74 करोड़ रुपये कम होकर 6,30,471.54 करोड़ रुपये के स्तर पर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 15,116.74 करोड़ रुपये फिसल कर 5,33,007.56 करोड़ रुपये के स्तर पर गया।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार में आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 6,223.84 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 10,28,217.93 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 6,021.64 करोड़ रुपये घट कर 11,85,046.13 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 5,191.95 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 8,15,480.75 करोड़ रुपये के स्तर पर और लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 4,092.79 करोड़ रुपये कम होकर 5,20,747.89 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। दूसरी ओर, पिछले सप्ताह के कारोबार में हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 152.73 करोड़ रुपये बढ़ कर 5,03,928.59 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,29,661.44 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 11,85,046.13 करोड़ रुपये), एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 11,43,985.90 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 10,28,217.93 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,36,953.84 करोड़ रुपये), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) (कुल मार्केट कैप 8,15,480.75 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 6,30,471.54 करोड़ रुपये), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,33,007.56 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,20,747.89 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 5,03,928.59 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक