जीडीपी वृद्धि दर की आलोचना करने वाले गुमराह कर रहे, वे सही तुलना करना नहीं जानते: गोयल
नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को 7.8 फीसदी सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर पर टिप्पणी को लेकर विपक्षी दलों और पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग की आलोचना की। गोयल ने कहा कि आलोचक ‘सेब की तुलना सेब से करना’ भी नहीं जानते। वे देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
गोयल ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल के बीच भारत ‘रेगिस्तान में नखलिस्तान’ की तरह है, जो कि देश और दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ता रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘नकारात्मक बातें करने वाले लोग कुछ भी कहें, लेकिन 7.8 फीसदी की वृद्धि वास्तविकता है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा कि जब मैं टेलीविजन पर कुछ विपक्षी नेताओं को देखता हूं,… किसी पूर्व वित्त सचिव या पूर्व रिजर्व बैंक गवर्नर को भी शामिल कर लें, जो दोनों ही उचित कारणों से भारत या सरकार में अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके।’’ उन्होंने कहा कि जब आप सच्चाई को तोड़-मरोड़ करके लोगों का हौसला तोड़ने की कोशिश करते हैं, तो आप जनता के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।
गोयल ने कहा कि यह जो 7.8 फीसदी का अभूतपूर्व रिकॉर्ड वृद्धि है, ये देश के 140 करोड़ भारतवासियों का सामर्थ्य है, उनकी कड़ी मेहनत है, उनका संयुक्त प्रयास है, जिसके कारण आज भारत विश्व का भरोसेमंद साथी बना है। गोयल ने कहा, ‘‘हम राजनेता, मंत्री और सांसद ये आंकड़े तैयार नहीं करते। जब आप (विपक्षी नेताओं की ओर इशारा करते हुए) इतनी नकारात्मक सोच के साथ सामने आते हैं, तो एक तरह से आप खुद को ही छोटा कर रहे होते हैं।’’
उल्लेखनीय है कि संशोधित जीडीपी श्रृंखला के तहत चालू वित्त वर्ष 2026-27 की (अप्रैल-जून) पहली तिमाही में देश की आर्थिक वृद्धि दर वास्तविक आधार पर 7.8 फीसदी रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर