सात कंपनियां इस सप्ताह अपने निवेशकों को करेंगी मालामाल, डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट तय
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में लिस्टेड सात बड़ी कंपनियां इस सप्ताह 14 से 17 जुलाई के बीच अपने निवेशकों को जबरदस्त डिविडेंड देने वाली हैं। इन कंपनियों में श्री सीमेंट, फाइजर, एमआरएफ, कमिन्स इंडिया और टीसीएस जैसे बड़े नाम शामिल हैं। डिविडेंड की रकम के हिसाब से देखा जाए, तो एमआरएफ सबसे अधिक 229 रुपये का डिविडेंड देने वाली है, जबकि टीसीएस ने सबसे कम 12 रुपये के इंटिरिम डिविडेंड का ऐलान किया है।
इन सात कंपनियों में से यूटीआई एएमसी 40 रुपये का डिविडेंड देने वाली है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट कल यानी 14 जुलाई का है। इसी तरह टीसीएस ने अपने 12 रुपये के इंटिरिम डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 15 जुलाई तय किया है। इसके अलावा पांच कंपनियों ने अपने डिविडेंड के लिए 17 जुलाई की तारीख को रिकॉर्ड डेट के रूप में तय किया है।
जिन पांच कंपनियों ने डिविडेंड के लिए 17 जुलाई रिकॉर्ड डेट तय किया है, उनमें कमिन्स इंडिया ने 46 रुपये के डिविडेंड का ऐलान किया है, जबकि श्री सीमेंट 70 रुपये का डिविडेंड देने जा रही है। इसी तरह फाइजर ने अपने निवेशकों को 75 रुपये के डिविडेंड देने का ऐलान किया है। वहीं हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया अपने निवेशकों को 110 रुपये डिविडेंड के रूप में देगी। जबकि एमआरएफ सबसे अधिक 229 रुपये डिविडेंड के रूप में देने जा रही है। आपको बता दें की रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों का नाम कंपनी के रिकॉर्ड में निवेशक के रूप में दर्ज होगा, उनको ही डिविडेंड का फायदा मिल सकेगा। इसलिए डिविडेंड का लाभ लेने के लिए रिकॉर्ड डेट के पहले शेयर अपने नाम पर करा लेना जरूरी होता है।
इन सात कंपनियों के डिविडेंड के अलावा इसी सप्ताह इंडियन टोनर्स एंड डेवलपर्स अपने शेयरों का स्टॉक स्प्लिट करेगी। इसके तहत कंपनी अपने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर को दो रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयर में स्प्लिट करेगी। इसी तरह इसी सप्ताह ऑर्बिट एक्सपोर्ट्स के शेयर बायबैक के लिए एक्स डेट पर ट्रेड करेंगे, जबकि मिनोल्टा फाइनेंस के शेयर राइट्स इश्यू के लिए एक्स डेट पर जाएंगे। इसके अलावा फ्रेडन फार्मास्यूटिकल्स ने इसी सप्ताह बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया है। इस ऐलान के मुताबिक कंपनी के निवेशकों को हर एक शेयर पर दो नए शेयर बोनस के रूप में दिए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक