साप्ताहिक समीक्षा : मुनाफावसूली और कच्चे तेल की तेजी से टूटा भारतीय शेयर बाजार

 


- साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 580 और निफ्टी 193 अंक फिसल कर बंद हुआ

नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार के लिए बीता कारोबारी सप्ताह भारी उतार-चढ़ाव और दबाव वाला साबित हुआ। इस सप्ताह ऊपरी स्तर पर हावी रही मुनाफावसूली, अमेरिकी प्रशासन की ओर से भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक के संभावित टैरिफ की चिंताओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव 97 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल जाने से निवेशकों की धारणा कमजोर हुई। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से जारी लिवाली और ब्रॉडर मार्केट की मजबूती ने निचले स्तरों पर बाजार को कुछ सहारा देने का काम किया।

पूरे सप्ताह के कारोबार के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर लगभग 580 अंक यानी 0.69 प्रतिशत टूट कर 83,339.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी साप्ताहिक आधार पर 193.40 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज करते हुए 25,607.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को आईटी, बैंकिंग और ऑटो शेयरों में हुई भारी बिकवाली के चलते सेंसेक्स 989.33 अंक और निफ्टी 277.30 अंक लुढ़क कर बंद हुए।

सेक्टोरल फ्रंट पर इस सप्ताह मिला-जुला रुख बना रहा। एक ओर निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग सूचकांकों में मुनाफावसूली के कारण गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार के कारोबार में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा और एक्सिस बैंक जैसे दिग्गज शेयर बाजार पर सबसे अधिक दबाव बनाते नजर आए। दूसरी ओर, निफ्टी मेटल, कैपिटल गुड्स, मीडिया और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी का जोर बना रहा, जहां भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन कंपनी, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील और पावर ग्रिड जैसे शेयर मजबूती के साथ बंद हुए।

ब्रॉडर मार्केट ने इस सप्ताह मुख्य सूचकांकों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया, जहां निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 सूचकांक निचले स्तरों से संभल कर हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। बाजार के जानकारों के अनुसार लगातार चार सप्ताह की तेज रैली के बाद बाजार में यह स्वाभाविक मुनाफावसूली है। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी सप्ताह में कच्चे तेल की कीमतें, रुपये की चाल, भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता और विदेशी संस्थागत निवेशकों का प्रवाह बाजार के लिए सबसे अहम पिवट प्वाइंट साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक