साप्ताहिक शेयर समीक्षाः विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी से झूमा शेयर बाजार, नौ महीने के ऊपरी स्तर पर सेंसेक्स और निफ्टी

 




नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। वैश्विक बाजारों में भारी उथल-पुथल और गिरावट के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने इस सप्ताह जबरदस्त मजबूती के साथ कारोबार किया। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से भारतीय इक्विटी बाजार में की जा रही रिकॉर्ड लिवाली ने घरेलू बाजार की धारणा को सबसे बड़ा सहारा दिया। बाजार की तेजी के कारण शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी नौ महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंच गए। इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक निवेश माना जा रहा है। ग्लोबल फंड्स महंगे विदेशी टेक्नोलॉजी शेयरों से पैसा निकाल कर भारतीय बाजार की ओर रुख कर रहे हैं।

पूरे सप्ताह के कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर करीब 2.9 प्रतिशत की मजबूती दर्ज करते हुए 83,919.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी शानदार रिकवरी करते हुए 25,800.60 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को शुरुआती गिरावट के बाद बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी लौटी, जिससे सेंसेक्स में 897.96 अंक और निफ्टी में 286.30 अंक की बड़ी उछाल दर्ज की गई।

सेक्टोरल फ्रंट पर इस सप्ताह बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के शेयरों का दबदबा कायम रहा। निफ्टी बैंक सूचकांक ने शानदार रैली दिखाते हुए पहली बार 64,400 अंक के पार जाकर नया रिकॉर्ड उच्चतम स्तर हासिल किया। इसके अलावा प्राइवेट बैंक, सरकारी बैंक, रियल्टी और हेल्थकेयर सूचकांकों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। शुक्रवार के कारोबार में अपोलो हॉस्पिटल्स, एक्सिस बैंक, मैक्स हेल्थकेयर, इंडसइंड बैंक और मारुति सुजुकी जैसे दिग्गज शेयरों ने बाजार को ऊपर खींचने में अहम भूमिका निभाई।

दूसरी ओर, निफ्टी मीडिया और मेटल सूचकांकों में ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में मिला-जुला रुख रहा, जहां निफ्टी मिडकैप 100 सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुआ, वहीं स्मॉलकैप 100 सूचकांक में हल्की सुस्ती देखी गई। शेयर बाजार की इस तेजी के साथ ही भारतीय रुपये ने भी डॉलर के मुकाबले 93 के स्तर को पार कर सात महीने का उच्चतम स्तर छुआ। बाजार के जानकारों का मानना है कि मजबूत घरेलू फंडामेंटल और विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते भारतीय बाजार वैश्विक बिकवाली से सुरक्षित नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक