साप्ताहिक समीक्षा : आखिरी दिन की गिरावट के बावजूद घरेलू स्टॉक मार्केट ने दिखाया ओवरऑल तेजी का दम

 




नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार के लिए 9 से 13 नवंबर का कारोबारी सप्ताह कुल मिलाकर बढ़त और उत्साह से भरा रहा। दिवाली बलिप्रतिपदा की छुट्टी के कारण इस सप्ताह केवल चार दिन ही नियमित कारोबार हो सका। इसमें शुरुआती तीन दिनों तक बाजार में जोरदार तेजी का माहौल बना रहा। हालांकि, सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली, कच्चे तेल की कीमत में उछाल और अक्टूबर की खुदरा महंगाई दर के 6 प्रतिशत के पार जाने के कारण बाजार पर दबाव देखने को मिला। इसके बावजूद पूरे सप्ताह के आधार पर दोनों प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बंद होने में सफल रहे।

रविवार को दिवाली की परंपरागत मुहूर्त ट्रेडिंग में निवेशकों को बिकवाली के दबाव का सामना करना पड़ा था। एक घंटे की इस विशेष ट्रेडिंग में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक एक घंटे के विशेष मुहूर्त ट्रेंडिंग में 0.18 प्रतिशत फिसल गया था। मुहूर्त ट्रेडिंग में आई गिरावट के बावजूद सप्ताह के नियमित कारोबार में शेयर बाजार तेजी का गवाह बनने में सफल रहा।

साप्ताहिक आधार पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स कुल 593.05 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,592.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी पूरे सप्ताह में 157.90 अंक यानी 0.63 प्रतिशत मजबूत होकर 25,144.30 अंक के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा। बाजार की इस साप्ताहिक तेजी को विदेशी संस्थागत निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर (क्रूड ऑयल) कच्चे तेल की कीमत में आई शुरुआती नरमी से बड़ा सहारा मिला।

सेक्टोरल मोर्चे पर इस पूरे सप्ताह बैंकिंग और वित्तीय सेवा सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक नजर आई। निफ्टी बैंक सूचकांक ने साप्ताहिक आधार पर 3.71 प्रतिशत की शानदार छलांग लगाई, जिसमें सरकारी बैंकों के शेयरों का योगदान सबसे प्रमुख रहा। इसके अलावा ऑटोमोबाइल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में भी सप्ताह के मध्य में अच्छी खरीदारी देखी गई। दूसरी ओर, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों पर पूरे सप्ताह दबाव बना रहा, जिससे उनकी बढ़त सीमित रही।

बाजार के जानकारों का कहना है कि घरेलू इक्विटी बाजारों में विदेशी पूंजी की लगातार वापसी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। हालांकि, खुदरा महंगाई दर बढ़ने के बाद दिसंबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों पर सख्त रुख अपनाए जाने की आशंका बढ़ गई है। विश्लेषकों के अनुसार अगले सप्ताह बाजार की चाल वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल के दाम और संस्थागत निवेशकों के रुख पर निर्भर करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक