साप्ताहिक समीक्षा- लगातार पांचवें सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी जंग के कारण लगातार बदल रही परिस्थितियों के बीच घरेलू शेयर बाजार पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान जोरदार उतार-चढ़ाव का गवाह बनने के बाद लगातार पांचवें सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ। रामनवमी की छुट्टी के कारण सिर्फ चार दिन के कारोबारी सप्ताह में शेयर बाजार पहले और आखिरी दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि दूसरे और तीसरे कारोबारी दिन बाजार में जोरदार तेजी बनी रही। शुक्रवार को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह के बाद बीएसई का सेंसेक्स साप्ताहिक आधार पर 949.74 अंक यानी 1.27 प्रतिशत के गिरावट के साथ 73,583.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई के निफ्टी ने साप्ताहिक आधार पर 294.90 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,819.60 अंक के स्तर पर पिछले सप्ताह के कारोबार का अंत किया।
27 मार्च को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह में बीएसई का लार्जकैप इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 2.79 प्रतिशत की बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। इस इंडेक्स में शामिल कंपनी में टेक महिंद्रा, अपोलो हॉस्पिटल्स और जाइडस लाइफ साइंसेज जैसी कंपनियां के शेयर टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, स्वीगी, एचडीएफसी बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, अडानी एंटरप्राइजेज, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, इंडस टावर्स, टाटा कैपिटल और गेल (इंडिया) लिमिटेड जैसी कंपनियों के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
इसी तरह बीएसई का मिडकैप इंडेक्स सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद साप्ताहिक आधार पर 1.3 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल ग्लैंड फार्मा, कोफोर्ज, विशाल मेगा मार्ट, प्रीमियर एनर्जीज, ऑरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस और परसिस्टेंट सिस्टम्स के शेयर टॉप गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, भारत डायनॉमिक्स, बजाज हाउसिंग फाइनेंस, गुजरात गैस, न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी, गोदरेज इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी, एस्कॉर्ट्स क्यूबोटा, टॉरेंट पावर, कोचीन शिपयार्ड और 360 वन डब्ल्यूएएम के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
बीएससी का स्मॉलकैप इंडेक्स भी पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान साप्ताहिक आधार पर गिरावट का शिकार हुआ। स्मॉलकैप इंडेक्स में साप्ताहिक आधार पर 1.01 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस इंडेक्स में शामिल एंबेसी डेवलपमेंट्स, ब्रेन बीज सॉल्यूशंस, जयप्रकाश पावर वेंचर्स, पीटीसी इंडस्ट्रीज, गार्डनरिच शिप बिल्डर्स एंड इंजिनियर्स, चेन्नई पैट्रोलियम कॉरपोरेशन, फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज, आरएचआई मैग्नेसिता इंडिया, रिलैक्सो फुटवियर्स, बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग कॉरपोरेशन, किर्लोस्कर ब्रदर्स और फिनोलेक्स केबल्स कर साप्ताहिक आधार पर 8 से लेकर 13 प्रतिशत तक की कमजोरी के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, एमक्योर फार्मास्यूटिकल्स, एचईजी, ऐफल 31, एक्मे सोलर होल्डिंग्स, अपार इंडस्ट्रीज, फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस, सम्मान कैपिटल और ब्रिगेड एंटरप्राइजेज के शेयर में साप्ताहिक आधार पर 7 से लेकर 15 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई।
पिछले सप्ताह के कारोबार में आईटी को छोड़ कर शेष सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी का डिफेंस इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर चार प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी पिछले सप्ताह के कारोबार में चार प्रतिशत की गिरावट आ गई। वहीं निफ्टी का रियल्टी इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 3.7 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ, जबकि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 2.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ और मेटल इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर दो प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
23 से 27 मार्च तक के कारोबारी सप्ताह के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) लगातार छठे सप्ताह भी शुद्ध बिकवाल (नेट सेलर) बन रहे। इस सप्ताह के चार कारोबारी दिन के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों ने स्टॉक मार्केट में कुल 24,596.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा की जा रही बिकवाली के कारण शेयर बाजार पर बने दबाव को कम करने के लिए घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने इस सप्ताह भी खरीदारी का ट्रेंड जारी रखा। चार दिन वाले इस कारोबारी सप्ताह के दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों ने कुल 26,897.05 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक