शुरुआती कारोबार में ऊपरी स्तर से लुढ़का शेयर बाजार, लाल निशान में सेंसेक्स और निफ्टी

 




नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.11 प्रतिशत की कमजोरी मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

बीएसई का सेंसेक्स आज 587.87 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,369.63 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक उछल कर 75,436.44 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के दबाव में पहले एक घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में पहुंच गया था। बाजार में लगातार हो रही खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे सेंसेक्स 80.32 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,701.44 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 178.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,576.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 23,592.85 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मंदड़ियों ने एक्टिव होकर चौतरफा बिकवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक सुबह 10 बजे के करीब अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 34.95 अंक यानी 0.15 प्रतिशत टूट कर 23,363.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 3,009 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 970 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,039 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 14 शेयर हरे निशान में और 36 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

आज सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) और टीसीएस के शेयर 5.97 प्रतिशत से लेकर 4.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टूब्रो, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 3.02 प्रतिशत से लेकर 1.90 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 120.83 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,781.76 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,398.10 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक