हरे निशान पर खुला घरेलू शेयर बाजार, सेंसेक्स 1447 अंक उछला
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को घरेलू शेयर बाजार ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की है। सेंसेक्स 1447 अंकों की उछाल के साथ 83,850 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी भी 400 अंक की तेजी के साथ 25,775 के स्तर पर है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,447.52 अंकों यानी 1.76 फीसदी की उछाल के साथ 83,883.51 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 427.15 अंक यानी 1.69 फीसदी की तेजी के साथ 25,776.80 के स्तर पर ट्रेंड कर रहा है।
30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एचडीएफसी बैंक 3.54 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा इंफोसिस में 3.43 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 3.19 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 2.65 फीसदी, एक्सिस बैंक में 2.13 फीसदी और बजाज फिनसर्व में 2.09 फीसदी की तेजी दिख रही है।
उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर को गुरुनानक जयंती की छुट्टी के मौके पर शेयर बाजार बंद रहा । वहीं, 23 नवंबर को बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 1483 अंक गिरकर 82,435 के स्तर पर बंद हुआ। साथ ही निफ्टी भी 450 अंक की गिरावट के साथ 25,349 पर बंद हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर