मुनाफा वसूली के दबाव में शेयर बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवाई, मुहूर्त ट्रेडिंग में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में दिवाली के मौके पर परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के दौरान मामूली गिरावट के साथ खत्म हुआ। आज एक घंटे के विशेष कारोबार के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव का माहौल बना रहा, जिसमें अंततः मंदडियों का पलड़ा भारी रहा। हालांकि आज के कारोबार की मजबूती के साथ शुरुआत हुई थी, लेकिन बिकवाली के दबाव की वजह से यह बढ़त अंत तक टिक नहीं सकी।
बैंकिंग और आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनियों के शेयरों में ऊपरी स्तर पर हुई मुनाफावसूली और बिकवाली के भारी दबाव के कारण घरेलू बाजार अपनी शुरुआती बढ़त को बरकरार रखने में नाकाम रहा। हालांकि, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में आई इस हल्की गिरावट के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में छोटे और मझोले शेयरों के प्रति खरीदारों का उत्साह पूरी तरह बना रहा। इस कारोबारी संवत की पहली विशेष एक घंटे की ट्रेडिंग के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 0.04 प्रतिशत और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 0.18 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए बंद हुए।
आज दोपहर मुहूर्त ट्रेडिंग के विशेष सत्र के लिए खुले बीएसई के सेंसेक्स ने 271.32 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ 81,299.34 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही फार्मा और मेटल सेक्टर की चुनिंदा दिग्गज कंपनियों में शुरू हुई बंपर लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक 414.09 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,442.11 अंक के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया। हालांकि ये तेजी अधिक देर तक टिक नहीं सकी।
सेंसेक्स के ऊपरी स्तर पर पहुंचने के बाद संस्थागत निवेशकों और ट्रेडर्स ने बैंकिंग व आईटी स्टॉक्स में मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक ऊपरी स्तर से नीचे लुढ़क गया। लगातार हुई बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 509.69 अंक खिसक कर 95.60 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,932.42 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। अंत में क्लोजिंग ऑक्शन के निपटारे के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 66.98 अंक की मामूली रिकवरी कर 28.62 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 80,999.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी आज विशेष मुहूर्त सत्र की शुरुआत 40.10 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,070.45 अंक के स्तर से की। बाजार खुलते ही फार्मा और मीडिया शेयरों की जोरदार खरीद के सपोर्ट से निफ्टी कुलांचे भरते हुए 101.50 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,131.85 अंक के ऊपरी स्तर तक जा पहुंचा। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया जिसकी वजह से यह सूचकांक नीचे गिरने लगा।
बाजार में दिन के सौदों के निपटारे और भारी बिकवाली का दौर शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर दिन के ऊपरी स्तर से 145.45 अंक लुढ़क 45.05 अंक यानी 0.178 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,985.30 अंक के स्तर तक गिर गया। पूरे सत्र के कारोबार के बाद निफ्टी 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,986.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज इस एक घंटे के विशेष कारोबार के दौरान सेक्टोरल फ्रंट पर मिला-जुला रुख नजर आया। निफ्टी मीडिया इंडेक्स 1.79 प्रतिशत की छलांग लगा कर सबसे आगे रहा। इसके साथ ही हेल्थकेयर सेक्टर भी खरीदारों के राडार पर बना रहा, जिसके चलते निफ्टी फार्मा इंडेक्स 1.74 प्रतिशत और निफ्टी मेटल इंडेक्स भी 1.15 प्रतिशत की अच्छी मजबूती दर्ज करने में सफल रहे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.33 प्रतिशत और सरकारी बैंकों का पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.32 प्रतिशत की सुस्ती के साथ लाल निशान में बंद हुए।
शेयर बाजार के इन मुख्य सूचकांकों की इस गिरावट के विपरीत आज ब्रॉडर मार्केट ने शानदार लचीलापन दिखाया। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.94 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स भी 0.13 प्रतिशत की तेजी दर्ज करने में कामयाब रहा। ब्रॉडर मार्केट की इस तेजी के कारण छोटे निवेशकों के पोर्टफोलियो की चमक फीकी पड़ने की जगह आमतौर पर बरकरार रही।
आज मुहूर्त सत्र के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें तो बाजार में मुख्य सूचकांकों की मंदी के बावजूद बढ़त का रुख पूरी तरह हावी नजर आ रहा था। आज के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,237 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,136 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 913 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 188 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,228 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,597 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 631 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर बढ़त के साथ, 14 शेयर गिरावट के साथ और दो शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में, 32 शेयर लाल निशान में और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
आज दिवाली के इस विशेष सत्र के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सन फार्मास्युटिकल्स के शेयर 2.96 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 1,915 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके बाद टाटा स्टील 2.09 प्रतिशत की छलांग लगा कर 190.20 रुपये, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) 1.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 234.80 रुपये, टीएमपीवी 1.13 प्रतिशत के उछाल के साथ 295.30 रुपये और अदाणी पोर्ट्स 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,949.30 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए।
दूसरी ओर, मंदी की चपेट में रही दिग्गज कंपनियों में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,764.20 रुपये पर बंद होकर टॉप लूजर रही। इसके साथ ही इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 1.07 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 5,417.30 रुपये, भारती एयरटेल 1.03 प्रतिशत टूट कर 2,085.50 रुपये, मैक्स हेल्थकेयर 0.86 प्रतिशत की मंदी के साथ 926 रुपये और ट्रेंट लिमिटेड 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,057.50 रुपये के भाव पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक