दिवाली के दिन दोपहर 2:20 बजे शुरू होगी एक घंटे की मुहूर्त ट्रेडिंग, एक्सचेंज ने ट्रेडिंग के टाइमटेबल का किया ऐलान
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दिवाली के दिन शेयर बाजार में होने वाले पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने विशेष समय-सारणी का एलान कर दिया है। हर साल की तरह ही इस साल भी शेयर बाजार में विशेष लाइव ट्रेडिंग सेशन का आयोजन किया जाएगा। इस साल दिवाली के दिन रविवार की छुट्टी होगी। इसके बावजूद मुहूर्त ट्रेडिंग एक्सचेंज द्वारा घोषित टाइम टेबल के अनुसार होगी।
इस विशेष दिन के लिए बाजार में ट्रेडिंग की शुरुआत दोपहर 2:05 बजे प्री-ओपन ऑर्डर एंट्री सेशन के साथ होगी, जो दोपहर 2:15 बजे तक चलेगा। इस दौरान ऑर्डर्स को दर्ज, संशोधित या कैंसिल किया जा सकेगा। इसके तुरंत बाद दोपहर 2:15 बजे से 2:17 बजे तक ऑर्डर्स की मैचिंग और ट्रेड कन्फर्मेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद दोपहर 2:17 बजे से 2:20 बजे तक तीन मिनट का प्री-ओपन बफर समय रहेगा।
एक्सचेंज द्वारा घोषित टाइमटेबल के अनुसार दोपहर 2:20 बजे से कंटीन्यूअस ट्रेडिंग यानी सामान्य कारोबार की शुरुआत हो जाएगी। बाजार में मुहूर्त ट्रेंडिंग के समापन की बात करें, तो क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (सीएएस) सिक्योरिटीज के लिए सामान्य कारोबार दोपहर 3:15 बजे ही थम जाएगा। लेकिन नॉन-क्लोजिंग ऑक्शन सेशन सिक्योरिटीज के लिए ट्रेडिंग दोपहर 3:30 बजे समाप्त होगी।
कंटीन्यूअस ट्रेडिंग सेशन के अलावा क्लोजिंग ऑक्शन सेशन और उसके बाद के पोस्ट-क्लोजिंग चरणों के लिए भी एक्सचेंज ने मिनट टू मिनट के हिसाब से टाइम-टेबल तय किया है। दोपहर 3:15 बजे से 3:20 बजे के बीच रेफरेंस प्राइस का कैलकुलेशन किया जाएगा। इसके तुरंत बाद दोपहर 3:20 बजे से 3:30 बजे तक क्लोजिंग ऑक्शन सेशन ऑर्डर एंट्री का समय रहेगा। इसके बाद ऑर्डर्स को मिलाने और ट्रेड कन्फर्मेशन के लिए दोपहर 3:30 बजे से 3:35 बजे तक का समय आवंटित किया गया है, जिसके बाद दोपहर 3:35 बजे से 3:50 बजे तक का समय ट्रांजिशन पीरियड रहेगा।
इसी तरह दोपहर 3:50 बजे से शाम 4 बजे तक पोस्ट-क्लोज सेशन का संचालन होगा। वहीं ट्रेडर्स के लिए अपनी पोजीशन में बदलाव करने की अंतिम समय-सीमा यानी ट्रेड मॉडिफिकेशन कट-ऑफ टाइम शाम 4:15 बजे तक रहेगा। एक्सचेंज ने यह भी साफ किया है कि प्री-ओपन और क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के अंतिम दो मिनटों में सिस्टम आधारित रैंडम क्लोजर का नियम लागू रहेगा।
विशेष सत्रों और बड़े सौदों की बात करें तो संस्थागत निवेशकों के लिए ब्लॉक डील विंडो दोपहर 1:50 बजे ही खुल जाएगी और दोपहर 2:05 बजे तक एक्टिव रहेगी। वहीं आईपीओ और री-लिस्टेड सिक्योरिटीज के लिए विशेष प्री-ओपन सेशन दोपहर 2:05 बजे से शुरू होकर दोपहर 2:50 बजे तक चलेगा, जिसमें आखिरी के 10 मिनट रैंडम क्लोजर के अधीन होंगे।
इन कंपनियों के लिए सामान्य ट्रेडिंग दोपहर 3:05 बजे से शुरू होकर दोपहर 3:30 बजे तक संचालित की जाएगी, जबकि इलिक्विड सिक्योरिटीज के लिए कॉल ऑक्शन सेशन का समय दोपहर 2:25 बजे से दोपहर 3:10 बजे के बीच निर्धारित किया गया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने यह भी स्पष्ट किया है कि दिवाली मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान किए जाने वाले सभी सौदों और ट्रेड्स के लिए सेटलमेंट के नियम और जिम्मेदारियां सामान्य दिनों की तरह ही अनिवार्य रूप से प्रभावी रहेंगी।
बता दें कि दलाल स्ट्रीट पर दिवाली के दिन मुहूर्त ट्रेडिंग की यह परंपरा काफी पुरानी है, जहां निवेशक और ट्रेडर्स इस पवित्र माने जाने वाले समय में अपनी पहली सांकेतिक खरीदारी करते हैं। बाजार की पुरानी मान्यता है कि इस शुभ घड़ी में किया गया निवेश पूरे साल सुख, समृद्धि और वित्तीय तरक्की लेकर आता है, यही वजह है कि इस एक घंटे के विशेष सत्र पर पूरे देश के निवेशकों की नजरें टिकी होती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक