दो कंपनियों के शेयरों का लॉक-इन पीरियड खत्म, इस सप्ताह चार और कंपनियों का लॉक-इन खत्म होगा
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज से शुरू हो रहे कारोबारी सप्ताह के दौरान लेंसकार्ट समेत कुल छह कंपनियों का शेयरहोल्डर लॉक-इन पीरियड खत्म हो रहा है। इनमें से दो कंपनियों का लॉक-इन पीरियड आज ही खत्म हो गया है। लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद इन दोनों कंपनियों के 2,566.50 करोड़ रुपये के शेयर में आज से ट्रेडिंग शुरू हो गई है। इस सप्ताह के अंत तक सभी छह कंपनियों का शेयर होल्डर लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद लगभग 64 हजार करोड़ रुपये के शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे।
रियल एस्टेट सेक्टर में काम करने वाली कंपनी दीपक बिल्डर्स का डेढ़ साल से अधिक अवधि का लॉक-इन पीरियड आज खत्म हो गया। लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद कंपनी की कुल बकाया इक्विटी का 20 प्रतिशत यानी लगभग 93 लाख शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो गए हैं। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू लगभग 79.50 करोड़ रुपये है।
इसी तरह रियल स्टेट सेक्टर की एक और दिग्गज कंपनी एफकॉन्स इंफ्रा का डेढ़ साल से अधिक अवधि का लॉक-इन पीरियड आज खत्म हो गया। लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद कंपनी की कुल बकाया इक्विटी का 20 प्रतिशत यानी लगभग 7.36 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो गए हैं। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू लगभग 2,487 करोड़ रुपये है।
आज के बाद सात मई यानी गुरुवार को ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए काम करने वाली कंपनी स्टड्स एसेसरीज का डेढ़ साल से अधिक अवधि का लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाला है। लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद कंपनी की कुल बकाया इक्विटी का 60 प्रतिशत यानी लगभग 2.37 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू लगभग 1,175 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा सप्ताह के आखिरी कारोबार दिन शुक्रवार यानी आठ मई को तीन कंपनियों का शेयरहोल्डर लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाला है। इस दिन लॉक-इन पीरियड खत्म होने वाली पहली कंपनी लेंसकार्ट है। कुल छह महीने का लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद कंपनी की कुल बकाया इक्विटी का 60 प्रतिशत यानी लगभग 104.74 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू लगभग 54,150 करोड़ रुपये है।
इसी दिन एमवी फोटोवोल्टिक के शेयरों का लॉक-इन पीरियड खत्म हो रहा है। लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद कंपनी की एक प्रतिशत आउटस्टैंडिंग इक्विटी यानी लगभग 46 लाख शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू 120.50 करोड़ रुपये है।
आठ मई को ही ऑर्कला इंडिया के शेयरों का भी लॉक-इन पीरियड भी खत्म होने वाला है। छह महीने का लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद कंपनी की कुल बकाया इक्विटी का 63 प्रतिशत यानी लगभग 8.67 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो जाएंगे। इन शेयरों की मार्केट वैल्यू लगभग 5,540 करोड़ रुपये है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक