शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

 


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच शानदार रिकवरी का रुख बना हुआ है। आज जारी होने वाले खुदरा महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशकों की सतर्कता के कारण बाजार की शुरुआत लाल निशान में कमजोरी के साथ हुई थी। हालांकि, बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों के भीतर खरीदारों ने निचले स्तरों पर मोर्चा संभाल लिया। खासकर, बीमा और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर की दिग्गज कंपनियों में आई जोरदार लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों प्रमुख सूचकांक अपनी शुरुआती गिरावट को पूरी तरह पाट कर हरे निशान में आ गए। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे सेंसेक्स 0.34 प्रतिशत और निफ्टी 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे थे।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 117.13 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 81,762.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक फिसलकर 81,576.15 अंक के निचले स्तर तक भी आया। इसके बाद फाइनेंशियल और इंश्योरेंस सेक्टर के शेयरों में शुरू हुई बंपर खरीदारी से बाजार को काफी सपोर्ट मिला। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 278.88 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ 82,158.28 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 ने भी आज गिरावट के झटके से उबर कर बेहतरीन वापसी की। निफ्टी 50 सूचकांक ने आज सुबह 41.55 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,213.50 अंक के स्तर से अपने कारोबार की शुरुआत की थी। शुरुआती मिनटों की मुनाफावसूली के कारण यह सूचकांक फिसलकर 25,142.95 अंक के निचले स्तर तक चला गया। लेकिन इसके तुरंत बाद खरीदारों के एक्टिव होने से निफ्टी ने तेजी पकड़ ली। खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:30 बजे निफ्टी 50 सूचकांक 83.95 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,339 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

आज सुबह के शुरुआती कारोबारी सत्र में सेक्टोरल फ्रंट पर निफ्टी मीडिया और वित्तीय सेवा इंडेक्स सबसे आगे बने हुए थे। ब्रॉडर मार्केट में भी रौनक देखी गई, जहां निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.72 प्रतिशत और मिडकैप इंडेक्स 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ काम कर रहे थे। दूसरी ओर, एफएमसीजी, एनर्जी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज सुबह मुनाफावसूली का दबाव हावी रहा, जिसके चलते ये सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,975 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,174 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 801 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

आज सुबह के कारोबारी सत्र में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस 2.90 प्रतिशत की तूफानी बढ़त के साथ 590.20 रुपये के भाव पर सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा बजाज फिनसर्व 2.72 प्रतिशत उछल कर 1,895.10 रुपये, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,813.40 रुपये, बजाज फाइनेंस 2.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,102.50 रुपये और श्रीराम फाइनेंस 2.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 988.80 रुपये के स्तर पर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।

दूसरी ओर, बाजार की इस रिकवरी के बावजूद बिकवाली के दबाव में फंसे टॉप लूजर्स में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन 3.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 226.71 रुपये के भाव पर सबसे आगे चल रहा था। इसके साथ ही नेस्ले इंडिया 1.64 प्रतिशत टूट कर 1,266.90 रुपये, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.46 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 1,992.80 रुपये, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.16 प्रतिशत की मंदी के साथ 3,424.80 रुपये और ग्रासिम इंडस्ट्रीज 0.96 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 3,126.40 रुपये के स्तर पर लाल निशान में बने हुए थे

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 722.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ 81,879.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,255.05 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक