शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

 


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त तेजी का माहौल बना हुआ है। आज बाजार की शुरुआत शानदार बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली का जोर बना दिया जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेतों और बैंकिंग व ऑटोमोबाइल सेक्टर में आई तूफानी तेजी के सपोर्ट से शुरू हुई इस खरीदारी के दम पर बाजार लगातार ऊंचाई की ओर बढ़ता गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.94 प्रतिशत और निफ्टी 0.81 प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 595.87 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की दमदार बढ़त दर्ज करते हुए 76,288.65 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवाली का दौर शुरू हो गया। खासकर, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे बड़े हैवीवेट शेयरों में आई तूफानी तेजी से बाजार को शुरुआती बूस्ट मिला, जिससे यह सूचकांक शुरुआती कुछ मिनटों के भीतर ही उछल कर 76,425.30 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 709.48 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की शानदार मजबूती के साथ 76,402.26 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 141.45 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की जोरदार उछाल के साथ 23,582.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बैंकिंग, ऑटो और एफएमसीजी जैसी दिग्गज कंपनियों में शुरू हुई जोरदार लिवाली के चलते इस सूचकांक की चाल ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही 23,640.10 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी इसी लिवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 190.05 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,630.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,790 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,232 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 558 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर नौ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

आज सुबह के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 3.51 प्रतिशत की तूफानी बढ़त के साथ सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा श्रीराम फाइनेंस 2.91 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.56 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.91 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.81 प्रतिशत की तगड़ी मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, बाजार की इस ऐतिहासिक तेजी के बीच भी टॉप लूजर्स में अपोलो हॉस्पिटल्स 1.22 प्रतिशत, सन फार्मास्युटिकल्स 1.21 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.12 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.12 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1,233.25 अंक यानी 1.66 प्रतिशत की जबरदस्त मजबूती के साथ 75,692.78 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 387.70 अंक यानी 1.68 प्रतिशत की जोरदार उछाल के साथ 23,440.80 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक