शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

 


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में साेमवार काे शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ता चला गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल भी कमजोर पड़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.15 प्रतिशत और निफ्टी 1.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 160.91 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,734.83 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 73 हजार अंक के स्तर से भी नीचे गिर कर 72,981.11 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर लगाया, जिससे इसकी चाल में मामूली सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 846.65 अंक यानी 1.15 प्रतिशत टूट कर 73,049.09 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 75.60 अंक यानी 0.33 प्रतिशत फिसल कर 23,064.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल कमजोर पड़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे का कारोबार होने के बाद निफ्टी 22,855.45 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार हुआ। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 270.85 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,869.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,216 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 528 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,688 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में था। दूसरी ओर 29 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से डॉ. रेड्डीज लेबोरेट्रीज, इंफोसिस, कोल इंडिया और टाटा स्टील के शेयर 1.55 प्रतिशत से लेकर 0.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 1.99 प्रतिशत से लेकर 1.58 प्रतिशत तक के गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 315.20 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,895.74 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 77.40 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,140.50 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक