शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

 


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई । बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स कुछ देर के लिए लुढ़क कर लाल निशान में भी पहुंचा। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का समय पूरा होने के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 42.51 अंक यानी 0.06 प्रतिशत उछल कर 74,901.50 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान होने लगी, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक कुछ देर के लिए लाल निशान में 74,850.27 अंक के स्तर तक गिर गया, लेकिन इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर सेंसेक्स को दोबारा हरे निशान में पहुंचा दिया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 143.66 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,002.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 39.75 अंक यानी 0.17 प्रतिशत उछल कर 23,454.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इस सूचकांक की चाल कुछ देर तक ऊपर नीचे होती रही। इसके बाद सुबह 9:30 बजे के करीब खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 50.85 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,465.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,877 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,994 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 883 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 12 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोल इंडिया, टाइटन कंपनी, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, एचडीएफसी बैंक और जियो फाइनेंशियल के शेयर 2.44 प्रतिशत से लेकर 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और ओएनजीसी के शेयर 1.69 प्रतिशत से लेकर 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 564.03 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,858.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,414.30 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक