शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली सुधार भी होता हुआ नजर आया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 69.38 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,446.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक मामूली उछाल के साथ 76,477.19 अंक के स्तर पर पहुंचा। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 260.05 अंक यानी 0.34 प्रतिशत लुढ़क कर 76,255.38 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 14.55 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसल कर 23,883.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक उछल कर 23,890 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद शेयरों की बिक्री शुरू हो जाने की वजह से इसकी चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 80.10 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,817.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,985 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,527 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,458 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से आयशर मोटर्स, भारती एयरटेल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईसीआईसीआई बैंक और कोल इंडिया के शेयर 0.77 प्रतिशत से लेकर 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी, विप्रो और बजाज ऑटो के शेयर 2.58 प्रतिशत से लेकर 1.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 362.57 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,515.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 24.25 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,897.70 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक