शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी, सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली तेजी

 


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक थोड़ी देर में ही गिर कर लाल निशान में पहुंच गए। हालांकि पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 163.35 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,701.07 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनाने के कारण पहले 20 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 250 अंक से अधिक लुढ़क कर लाल निशान में 77,445.86 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 67.58 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मजबूती कमजोरी के साथ 77,605.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 52.20 अंक यानी 0.22 प्रतिशत उछल कर 24,284.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही ओपनिंग लेवल से करीब 80 अंक फिसल कर लाल निशान में 24,206.80 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में रिकवरी का रुख बन गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 11.90 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,243.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,824 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,713 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,111 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 17 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोटक महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएफसी बैंक, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और पावर ग्रिड कारपोरेशन के शेयर 1.82 प्रतिशत से लेकर 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे दूसरी ओर, इंटरग्लोब एविएशन, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, टाइटन कंपनी, अपोलो हॉस्पिटल और बजाज ऑटो के शेयर 1.08 प्रतिशत से लेकर 0.64 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,537.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,231.85 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक