शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट का असर आज घरेलू शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार के दौरान भी नजर आ रहा है। आज पहले घंटे के कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और भी तेजी आई। हालांकि पहले आधे घंटे का कारोबार होने के बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली की वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.76 प्रतिशत और निफ्टी 0.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट में लिस्टेड दिग्गज कंपनियों में से इंटरग्लोब एवियेशन, एटरनल, इंफोसिस, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयर 3.67 प्रतिशत से लेकर 2.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ओएनजीसी, विप्रो, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज और सिप्ला के शेयर 2.51 प्रतिशत से लेकर 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,807 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,282 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 525 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर चार शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 40 शेयर हरे निशान में और 10 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 549.21 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,608.98 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक गिर कर 76,530.24 अंक के स्तर तक आ गया, लेकिन इसके बाद बाजार में खरीदारी शुरू हो गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स उछल कर 76,715.64 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 581.48 अंक की बढ़त के साथ 76,641.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 160.95 अंक यानी 0.68 प्रतिशत उछल कर 23,928.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 30 अंक से अधिक फिसल कर 23,896.70 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी का रुख बन गया।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर 23,964.50 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में गिरावट का रुख बन गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 164.15 अंक की मजबूती के साथ 23,931.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,059.77 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,767.45 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक