शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में रिकवरी का रुख, गिरावट के बाद संभले सेंसेक्स और निफ्टी

 




नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान मामूली मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों ने रिकवरी कर हरे निशान में जगह बना ली। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत प्रतिशत और निफ्टी 0.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, सिप्ला, सन फार्मास्यूटिकल, श्रीराम फाइनेंस और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 2.75 प्रतिशत से लेकर 0.86 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और विप्रो के शेयर 2.83 प्रतिशत से लेकर 1.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभीतक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,779 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,555 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,224 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 8.02 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,086.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक गिर कर 76,878.66 अंक के स्तर तक आ गया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक रिकवरी कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 69.34 अंक की बढ़त के साथ 77,163.41 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने भी आज 31.60 अंक फिसल कर 24,071.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक टूट कर 24,040.05 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों में लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने रिकवर करना शुरू कर दिया। खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 19.65 अंक की बढ़त के साथ 24,122.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 291.17 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,094.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 89.80 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,102.90 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक