शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक कुछ देर के लिए लाल निशान में भी गिर गए, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से इन दोनों सूचकांकों ने रिकवर कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.36 प्रतिशत और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड, एटरनल, टेक महिंद्रा, नेस्ले और एचडीएफसी लाइफ के शेयर 3.30 प्रतिशत से लेकर 1.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टीएमपीवी, ओएनजीसी, सिप्ला, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज और एक्सिस बैंक के शेयर 1.52 प्रतिशत से लेकर 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,794 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,782 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,012 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर आठ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 271.61 अंक की मजबूती के साथ 77 हजार अंक के स्तर को पार कर 77,080.09 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी ही देर में यह सूचकांक गिर कर लाल निशान में 76,768.49 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 280.08 अंक की बढ़त के साथ 77,088.56 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 55.40 अंक उछल कर 24,044.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही लाल निशान में 23,969.70 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे यह सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 81.15 अंक की मजबूती के साथ 24,070.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,808.48 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,989.15 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक