जोरदार मजबूती के बाद क्यों गिरा शेयर बाजार, किन वजहों से सेंसेक्स में आई 1,055 अंक से अधिक की गिरावट
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। मजबूत ग्लोबल संकेतों के बीच शानदार मजबूती के साथ कारोबार शुरू करने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को संभल नहीं सका। दिन के कारोबार में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,055 अंक से अधिक और निफ्टी लगभग 300 अंक लुढ़क गया। हालांकि, बाद में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने निचले स्तर से कुछ हद तक रिकवरी करने में सफलता भी हासिल की, लेकिन इसके बावजूद शेयर बाजार के आज के कारोबार ने निवेशकों को निराश कर दिया।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि पॉजिटिव सेंटीमेंट्स होने के बावजूद ऊपरी स्तर से हुई मुनाफा वसूली, चुनिंदा शेयरों में हुई बिकवाली और एनएसई के मजबूत अपर रेजिस्टेंस ने आज घरेलू शेयर बाजार को करारा झटका दिया। धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी शेयर बाजार में आज आई गिरावट के लिए मुनाफा वसूली को सबसे बड़ी वजह मानते हैं। उनके अनुसार मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में ऊपरी स्तर से बड़ी गिरावट देखी गई।
इसके पहले बुधवार को जोरदार खरीदारी होने के कारण इन दोनों सूचकांकों ने जबरदस्त छलांग लगाई थी। इस तेजी के बाद स्वाभाविक रूप से आज मुनाफा वसूली का दबाव बना। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल को तेज करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी ये कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार में खरीदारों को कभी भी ऐसा ट्रिगर नहीं मिल सका, जो बाजार को बाउंस बैक करने के लिए प्रेरित कर सके।
आज की कारोबार में ऑटोमोबाइल और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में भी लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसका असर बाजार के सेंटीमेंट्स पर पड़ा। हीरो मोटोकॉर्प और आयशर मोटर्स के शेयर आज लगभग एक प्रतिशत तक टूट गए। इसी तरह नेस्ले इंडिया और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी आज लगभग एक प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
बेंचमार्क इंडेक्स में ऑटोमोबाइल और एफएमसीजी सेक्टर का काफी वेटेज होने के कारण इनमें आई गिरावट का असर पूरे बाजार में दिखाई दिया। इसी तरह बैंकिंग सेक्टर भी आज दबाव में कारोबार करता हुआ नजर आया। निफ्टी का बैंक इंडेक्स ऊपरी स्तर से 1.35 प्रतिशत तक लुढ़क गया। इसकी वजह से भी बाजार के सेंटीमेंट्स पर निगेटिव असर पड़ा।
प्रशांत धामी का कहना है कि पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के अस्थाई सीजफायर का ऐलान होने के बाद से ही घरेलू शेयर बाजार की स्थिति में सुधार हो रहा है। इसके बावजूद निफ्टी को फिलहाल 24,400 अंक के स्तर पर कड़े रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। आज के कारोबार में भी निफ्टी 24,400.95 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा था। इस ऊंचाई पर पहुंचने के बाद यह सूचकांक मजबूत अपर रेजिस्टेंस का सामना नहीं कर पाया और नीचे फिसल गया। कहा जा रहा है कि अगर निफ्टी 24,400 अंक के स्तर को पार करने में सफल रहा, तो इसका अगला पड़ाव जल्दी ही 24,750 अंक भी हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक