मजबूत शुरुआत के बाद धड़ाम हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स इंट्रा-डे में 2,267 अंक तक लुढ़का, निफ्टी भी 648 अंक तक फिसला
- बाजार की कमजोरी के कारण निवेशकों को लगी 6.52 लाख करोड़ की चपत
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मजबूती के साथ शुरुआत करने के बाद भारी बिकवाली का शिकार हो गया। बाजार में आज ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली का दबाव पूरी तरह हावी रहा, जिसके चलते दिग्गज शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जम कर बिकवाली हुई। इस चौतरफा बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मुख्य सूचकांक दिन के निचले स्तर (डे-लो) के बेहद करीब बंद हुए। बाजार की इस भारी गिरावट के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में 6.52 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी दर्ज की गई।
आज के कारोबार के दौरान शुरुआत में अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स की रिकवरी और विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते जोरदार तेजी नजर आई, लेकिन शुरुआती मिनटों के बाद ही बिकवाल पूरी तरह हावी हो गए। खासकर बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस और मेटल सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली शुरू हो जाने से बाजार की चाल पूरी तरह पलट गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.77 प्रतिशत और निफ्टी 1.75 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 502.26 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ 84,421.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक 743.25 अंक यानी 0.89 प्रतिशत उछल कर 84,662.96 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफावसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक गिरावट का शिकार हो गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 2,267.08 अंक फिसल कर 1,523.83 अंक यानी 1.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,395.88 अंक के निचले स्तर तक भी आ गया।
इसके बाद बाजार में आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में कुछ खरीदारी जरूर हुई, लेकिन बैंकिंग और मेटल शेयरों की बिकवाली का दबाव बना रहा। अंतिम सत्र में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से मात्र 40.11 अंक की मामूली रिकवरी के बाद 1,483.72 अंक यानी 1.77 प्रतिशत टूट कर 82,435.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 128.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत उछल कर 25,929.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों की सक्रियता के चलते यह सूचकांक शुरुआती कारोबार में ही 192 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,992.60 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद मुनाफावसूली शुरू हो जाने पर यह सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर फिसलता चला गया।
लगातार हो रही चौतरफा बिकवाली के दबाव में निफ्टी ऊपरी स्तर से 648.75 अंक लुढ़क कर 25,343.85 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि, खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि लिवालों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 50 सूचकांक कुल 450.95 अंक यानी 1.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,349.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों को छोड़ कर अन्य सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.69 प्रतिशत और बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आज भारी बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके चलते बीएसई का मेटल इंडेक्स 4.17 प्रतिशत और निफ्टी बैंक इंडेक्स 3.17 प्रतिशत (2,049.85 अंक) टूट कर बंद हुआ। इसके अलावा पीएसई इंडेक्स 1.98 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस इंडेक्स 1.85 प्रतिशत, कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1.24 प्रतिशत और ऑटो इंडेक्स 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
ब्रॉडर मार्केट पर भी आज बिकवाली का दबाव हावी रहा, जिसके कारण मिडकैप व स्मॉलकैप इंडेक्स कमजोरी के साथ बंद हुए। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स आज के कारोबार के अंत में 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,732 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप शेयरों में भी मुनाफावसूली का असर दिखा, जिसकी वजह से निफ्टी के स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में आई बड़ी गिरावट और ब्रॉडर मार्केट में हुई बिकवाली के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.52 लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 508.81 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) रह गया, जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को यह 515.33 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह बाजार की इस गिरावट की वजह से निवेशकों की पूंजी में आज भारी कमी आ गई।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें तो बाजार में गिरावट का रुख पूरी तरह हावी था, जहां 4,738 शेयरों की ट्रेडिंग में से 1,601 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे, जबकि 2,872 शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। 265 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। इसके अलावा 132 शेयर एक साल के उच्च स्तर पर पहुंचे, तो 169 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। इसके साथ ही 10 शेयरों में अपर सर्किट लगा, जबकि 43 शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए।
एनएसई के एडवांस-डिक्लाइन रेशियो की बात करें, तो वहां भी माहौल विक्रेताओं के पक्ष में रहा। एनएसई में आज 3,307 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई, जिनमें 1,019 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में और 2,288 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से केवल 8 शेयर बढ़त के साथ और 22 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर 3.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,460 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके बाद श्रीराम फाइनेंस 2.46 प्रतिशत की छलांग लगाकर 995.90 रुपये, टेक महिंद्रा 1.79 प्रतिशत उछल कर 1,777.50 रुपये, एचसीएल टेक 1.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,364.30 रुपये और टाइटन कंपनी 1.30 प्रतिशत की उछाल के साथ 4,680 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए।
दूसरी ओर, बाजार की इस भारी गिरावट में मेटल और बैंकिंग शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव रहा, जहां टाटा स्टील 8.43 प्रतिशत की भारी कमजोरी दिखाते हुए 163 रुपये पर बंद होकर टॉप लूजर रही। इसके अलावा एक्सिस बैंक 3.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,388.60 रुपये, एचडीएफसी बैंक 3.33 प्रतिशत टूट कर 817.80 रुपये, आईसीआईसीआई बैंक 3.32 प्रतिशत की मंदी के साथ 1,585.50 रुपये और हिंडाल्को 3.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 900.45 रुपये के भाव पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक