बैंकिंग-आईटी में खरीदारी और मजबूत रुपये ने भरा जोश, लगातार दूसरे दिन बाजार में बड़ी उछाल

 


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। विदेशी संस्थागत निवेशकों की दमदार खरीदारी, रुपये की ऐतिहासिक मजबूती और बैंकिंग तथा आईटी शेयरों में आई चौतरफा लिवाली के दम पर भारतीय शेयर बाजार में आज लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी दर्ज की गई। इन सकारात्मक संकेतों के सहारे बाजार ने शुरुआती गिरावट से उबरते हुए निचले स्तरों से शानदार वापसी की। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स करीब 900 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी भी 25,800 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करने में सफल रहा।

कारोबारी सत्र की शुरुआत में बाजार पर बिकवाली का दबाव साफ नजर आ रहा था। सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स अपने पिछले बंद भाव से 618 अंक से अधिक फिसल कर 82,403.27 अंक के दिन के निचले स्तर तक लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी भी शुरुआती दबाव में 169.10 अंक टूट कर 25,345.20 अंक के निचले स्तर पर आ गया था।

हालांकि, निचले स्तरों पर खरीदारी लौटने के बाद बाजार की चाल पूरी तरह बदल गई। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1,634.69 अंकों की शानदार छलांग लगाते हुए 84,037.96 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी ने भी दिन के निचले स्तर से 463.60 अंकों की दमदार रिकवरी दिखाई और 25,808.80 अंक के ऊपरी स्तर को छूने में सफल रहा। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 897.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत चढ़ कर 83,919.71 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,800.60 अंक के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को भी बाजार में अच्छी रौनक रही थी। इस तरह लगातार दूसरे दिन की इस तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी का कहना है कि बाजार में आई इस तेज रिकवरी के पीछे कई प्रमुख आर्थिक और घरेलू कारण जिम्मेदार रहे, जिनमें सबसे बड़ा योगदान बैंकिंग शेयरों की जोरदार तेजी का रहा। शुक्रवार को बैंक निफ्टी ने 2.5 प्रतिशत की उछाल दर्ज करते हुए 64,635 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर को हासिल किया। दिग्गज बैंकिंग शेयरों में शामिल एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इंडसइंड बैंक में जबरदस्त खरीदारी देखी गई। इन शेयरों ने अकेले ही बाजार को निचले स्तर से ऊपर खींचने में बड़ी भूमिका निभाई।

बैंकिंग के साथ-साथ आईटी सेक्टर के शेयरों ने भी बाजार की तेजी को पूरा सहारा दिया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इस दौरान पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, कोफोर्ज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक और टीसीएस जैसी दिग्गज आईटी कंपनियों के शेयरों में 4 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। वैश्विक स्तर पर तकनीकी शेयरों को लेकर बनी चिंताओं के बावजूद घरेलू आईटी कंपनियों में हुई खरीदारी ने बाजार के सेंटिमेंट को सकारात्मक बना दिया।

विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई की भारतीय बाजार में वापसी ने भी तेजी को पंख लगा दिए हैं। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने पिछले कारोबारी सत्र यानी गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में 7,411.41 करोड़ रुपये की बड़ी खरीदारी की। हालांकि इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,356 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की लेकिन विदेशी निवेशकों के भारी निवेश ने मार्केट सेंटिमेंट्स को पूरी तरह बदल दिया। विदेशी पूंजी के लगातार प्रवाह (इनफ्लो) से बड़े शेयरों में खरीदारी का सिलसिला तेज हुआ है।

इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई जोरदार मजबूती ने भी शेयर बाजार का उत्साह बढ़ाया। शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 65 पैसे उछल कर 92.67 के स्तर पर बंद हुआ, जो पिछले सात महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर पड़ने और घरेलू बाजार में विदेशी निवेश आने से रुपये को सीधा सपोर्ट मिला है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी ने भी महंगाई की चिंता कम की है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बैंकिंग और आईटी शेयरों में लिवाली, विदेशी निवेशकों की दमदार खरीदारी और रुपये की मजबूती ने शुक्रवार को भारतीय बाजार की तस्वीर बदल दी। शुरुआती गिरावट के बाद आई इस चौतरफा तेजी से निवेशकों की संपत्ति में भी बड़ा इजाफा हुआ है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यदि विदेशी निवेश का यही रुख बना रहा तो आने वाले सप्ताह में निफ्टी 26,000 के स्तर की ओर कदम बढ़ा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक