निर्मला सीतारमण ने सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से मुलाकात की, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

 




नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम और प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। सीतारमण 9-11 अक्टूबर तक तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सिंगापुर गई हैं।

वित्त मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि सीतारमण ने सिंगापुर के राष्ट्रपति से उनके आधिकारिक आवास ‘द इस्ताना’ में मुलाकात की। इस बैठक में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

वहीं, सिंगापुर के प्रधानमंत्री वोंग ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि भारत के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम और जारी ऊर्जा संकट से निपटने के तरीकों पर अच्छी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सीतारमण ने भारत के घटनाक्रम और निवेश तथा सहयोग के नए अवसरों के बारे में भी जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक सीतारमण ने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन से भी मुलाकात की। बालकृष्णन ने कहा कि सिंगापुर की कंपनियों के लिए भारत की दीर्घकालिक विकास संभावनाओं में भागीदारी के कई अवसर हैं। सीतारमण की सिंगापुर यात्रा के सफल रहने की कामना करता हूं।

उल्लेखनीय है कि सिंगापुर भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत है। अप्रैल 2000 से मार्च 2026 के दौरान सिंगापुर से भारत में कुल 194.68 अरब अमेरिकी डॉलर का एफडीआई आया है। जीआईसी और टेमासेक जैसे सिंगापुर के संस्थागत निवेशकों का भारतीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ा निवेश है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर