भारत-सिंगापुर मंत्री स्तरीय गोलमेज बैठक में भाग लेने सिंगापुर पहुंचीं सीतारमण
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को चौथी भारत-सिंगापुर मिनिस्ट्रियल राउंडटेबल (आईएसएमआर) में शामिल होने के लिए सिंगापुर पहुंचीं। सीतारमण 19-20 अगस्त को होने वाली दो दिवसीय चौथी भारत-सिंगापुर मंत्री स्तरीय गोलमेज बैठक में भाग लेंगी।
वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि सिंगापुर के चांगी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारत में सिंगापुर के हाई कमिश्नर साइमन वोंग और सिंगापुर में भारत के हाई कमिश्नर डॉ. शिल्पाक अंबुले ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का स्वागत किया।
मंत्रालय के मुताबिक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल दक्षिण-पूर्व एशिया के वित्तीय केंद्र सिंगापुर के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय बातचीत के लिए सिंगापुर की यात्रा पर हैं।
वहीं, सीतारमण चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक (आईएसएमआर) के लिए एक मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद शामिल हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ये बैठक 20 अगस्त को होनी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर