लोकल से ग्लोबल बना सिमडेगा का आम्रपाली आम, पहली व्यावसायिक खेप लंदन रवाना

 








नई दिल्ली, 06 जून (हि.स)। पश्चिम एश्यिा संकट के बीच लोकल से ग्लोबल बना झारखंड के सिमडेगा जिले के अम्रपाली आम का लगभग 1322 किलोग्राम की पहली व्यावसायिक खेप ब्रिटेन के लिए 5 जून को रवाना की गई। सिमडेगा को यह उपलब्धि कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से हासिल हुई है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा कि लोकल से ग्लोबल का सशक्त उदाहरण...झारखंड के सिमडेगा जिले की महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा उगाए गए आम्रपाली आम यूनाइटेड किंगडम पहुंचने वाले हैं।

गोयल ने कहा कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के निरंतर प्रयासों से किसानों को बेहतर मूल्य, महिलाओं को नई पहचान और भारत के कृषि निर्यात को नई गति मिल रही है। उच्च गुणवत्ता वाले आम को 42 रुपये प्रतिकिलो ग्राम की दर से स्थानीय किसानों से खरीदा गया है।

आम्रपाली आम के निर्यात की मुख्य बातें:-

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण ने कहा कि यह आम झारखंड के सिमडेगा जिले में महिला कृषक उत्पादक समूहों (एफपीओ) द्वारा 'बिरसा हरित ग्राम योजना' के तहत उगाए जाते हैं।

इन उच्च गुणवत्ता वाले आमों को 42 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से स्थानीय किसानों से खरीदा गया है, जो स्थानीय बाजार भाव की तुलना में बेहतर मूल्य है। इस खेप में 1322 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले आम्रपाली आम शामिल हैं।

यह खेप कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से यूनाइटेड किंगडम भेजी गई। आम्रपाली अपने समृद्ध स्वाद, गहरे नारंगी गूदे और बेहतरीन मिठास के लिए दुनिया भर में एक लोकप्रिय संकर आम है।

उल्लेखनीय है कि इस ऐतिहासिक निर्यात पहल में जेएसएलपीएस के तत्वाधान में सिमडेगा जिले के सदर प्रखंड की महिला जागृति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड तथा बानो प्रखंड की बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर