श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने बीमा उत्पाद बेचने के लिए एसके फाइनेंस के साथ हाथ मिलाया

 


- श्रीराम जनरल इंश्योरेंस और एसके फाइनेंस ने रणनीतिक साझेदारी के लिए मिलाया हाथ

नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। श्रीराम जनरल इंश्योरेंस (एसजीआई) ने मंगलवार को बीमा उत्पाद को बेचने के लिए गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) एसके फाइनेंस लिमिटेड के साथ एक रणनीतिक कॉरपोरेट एजेंसी साझेदारी की है।

एसजीआई और एसके फाइनेंस ने जारी एक संयुक्त बयान में कहा कि इस साझेदारी का मकसद मुख्य बाजारों में ग्राहकों के लिए बीमा समाधानों और बीमा सुरक्षा तक पहुंच बढ़ाना है। वहीं, इस साझेदारी के जरिये एसके फाइनेंस के 700 से ज्यादा शाखा नेटवर्क और दूसरे तय वितरण चैनल के माध्यम से एसजीआई अपने साधारण बीमा समाधान की पेशकश करेगी।

संयुक्त बयान में कहा गया है कि इस सहयोग से ग्राहक एसके फाइनेंस लिमिटेड के बड़े वितरण नेटवर्क के जरिये जरूरी बीमा समाधान को पा सकेंगे, जबकि दावा और सेवाओं की प्रक्रिया को एसजीआई अपने स्थापित सेवा और दावा प्रणाली के जरिये संभालेगी।

इस साझेदारी पर बात करते हुए एसके फाइनेंस लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ राजेंद्र कुमार सेठिया ने कहा, बीमा व वित्त मजबूती का एक अहम जरिया है, खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी बाजारों के ग्राहकों के लिए, जहां व्यापक सुरक्षा समाधान उनकी वित्तीय यात्रा को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

वहीं, श्रीराम जनरल इंश्योरेंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सीएमओ आफताब अल्वी ने कहा, हम अपनी डिस्ट्रीब्यूशन क्षमताओं को मज़बूत करने और व्यापक ग्राहक आधार तक अपने व्यापक इंश्योरेंस समाधानों की पहुंच बढ़ाने के लिए एसके फाइनेंस के साथ पार्टनरशिप करके खुश हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर