श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड ने सावधि जमा पर ब्याज दरें बढ़ाई, नई दरें लागू

 


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड ने अपनी सावधि जमा (एफडी) और फिक्स्ड इन्वेस्टमेंट प्लान (एफआईपी) पर ब्याज दरों में 0.15 फीसदी से 0.40 फीसदी (15 से 40 आधार अंक) तक की बढ़ोतरी की है, जो 11 अक्टूबर से लागू हो गई हैं।

श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के अनुसार 12 महीने की सावधि जमा पर ब्याज दर 6.85 फीसदी से बढ़ाकर अब 7 फीसदी कर दी गई है। अब 15 महीने की डिजिटल तरीके से जमा सावधि जमा पर ब्याज दर 7.10 फीसदी से बढ़ाकर 7.50 फीसदी कर दी गई है। इसी तरह 18 से 23 महीने की जमा पर ब्याज दर 7.05 फीसदी से बढ़ाकर 7.25 फीसदी और 24 से 35 महीने की जमा पर 7.10 फीसदी से बढ़ाकर 7.50 फीसदी कर दी गई है। यह दरें 10 करोड़ रुपये तक की जमा पर लागू होंगी।

कंपनी ने कहा कि 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को जमा करते या उसका नवीनीकरण कराते समय लागू दर पर सालाना 0.50 फीसदी का अतिरिक्त सालाना ब्याज मिलता रहेगा। महिला जमाकर्ताओं को सालाना 0.05 फीसदी का अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। इसके साथ ही परिपक्व हो चुकी जमा के नवीनीकरण पर सालाना 0.15 फीसदी अतिरिक्त ब्याज दिया जाएगा।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया आरबीआई ने पिछले हफ्ते बुधवार को प्रमुख नीतिगत दर रेपो रेट में 0.25 फीसदी की वृद्धि की है। यह बढ़कर 5.50 फीसदी हो गई है। नई दरें 11 अक्टूबर से लागू हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर