शोभा करंदलाजे बेंगलुरु के देवनहल्ली में प्रौद्योगिकी केंद्र का करेंगी उद्घाटन

 






नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, 10 सितंबर को बेंगलुरु के देवनहल्ली में स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन करेंगी।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे 10 सितंबर, 2026 को देवनहल्ली, बेंगलुरु, कर्नाटक में प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन करेंगी। यह प्रौद्योगिकी केंद्र अत्याधुनिक प्रशिक्षण, उत्पादन और आवासीय सुविधाओं के साथ 10 एकड़ क्षेत्र में 156 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।

बेंगलुरु स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र (टीसी) की विशेषताएं

बेंगलुरु स्थित इस प्रोद्योगिकी केंद्र को केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय द्वारा कर्नाटक सरकार के द्वारा उपलब्ध कराई गई 10 एकड़ भूमि पर 156 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया गया है। इस केंद्र में आधुनिक बुनियादी ढांचे के अंतर्गत प्रशिक्षण ब्लॉक, उत्पादन ब्लॉक, प्रशासनिक ब्लॉक, लड़कों और लड़कियों के लिए आवासीय सुविधाएं, कर्मचारियों के लिए आवास, कार्यकारी छात्रावास तथा अन्य सहायक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने कहा कि इस केंद्र के सेवाक्षेत्र में अग्रणी उद्योगों और संस्थानों का एक मजबूत इकोसिस्टम मौजूद है। इनमें मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स, हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेटरीज (एनएएल), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (आईएसआरओ), एयरबस, बोइंग, फिलिप्स, विप्रो, जीई, सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स आदि शामिल हैं। इसके अलावा एयरोस्पेस, रक्षा, सेमीकंडक्टर डिजाइन, औद्योगिक स्वचालन और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में कार्यरत अनेक एमएसएमई भी इस इकोसिस्टम का हिस्सा हैं। यह केंद्र युवाओं को कौशल प्रदान करने में योगदान देगा। इसके तहत एम्बेडेड सिस्टम डिजाइन, पीसीबी डिजाइन एवं असेंबली, स्वचालन एवं रोबोटिक्स, रखरखाव एवं मरम्मत आदि क्षेत्रों में उद्योग स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रोद्योगिकी केंद्र प्रत्येक वर्ष 10 हजार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने में सक्षम होगा।

मंत्रालय ने कहा कि उद्घाटन समारोह में कर्नाटक के बृहत्तर बेंगलुरु विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा तथा लघु उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री विजयानंद काशप्पनवर सहित एमएसएमई मंत्रालय और कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य स्थानीय हितधारक उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें एयरोस्पेस तथा इलेक्ट्रॉनिक्स प्रणाली डिजाइन एवं विनिर्माण (ईएसडीएम) क्षेत्रों में भारतीय एमएसएमई के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर