एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक का शेयर पहले दिन 29 फीसदी से अधिक बढ़त के साथ बंद
नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। पर्यावरण प्रौद्योगिकी कंपनी एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का शेयर मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने 330 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 29 फीसदी से अधिक बढ़त के साथ बंद हुआ।
अपशिष्ट जल शोधन समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी का शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर शेयर निर्गम मूल्य से 7.28 फीसदी की बढ़त के साथ 354.05 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में ये 28.74 फीसदी उछलकर 424.85 रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर शेयर 7.60 फीसदी की बढ़त के साथ 355.10 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में यह 29.12 फीसदी चढ़कर 426.10 रुपये पर बंद हुआ है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 4,161.69 करोड़ रुपये रहा।
एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज के आईपीओ को पिछले हफ्ते गुरुवार को बोली के अंतिम दिन 9.47 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 668 करोड़ रुपये के अपने आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 313 से 330 रुपये प्रति शेयर तय किया था। कंपनी की योजना नए शेयर जारी कर जुटाई गई धनराशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए करने की है।
एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की स्थापना वर्ष 2005 में हुई थी। ये एक पर्यावरण प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो अपशिष्ट जल उपचार (डब्ल्यूडब्ल्यूटी), अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण और पुन: उपयोग (डब्ल्यूआरआर), तथा ठोस अपशिष्ट उपचार (एसडब्ल्यूटी) के क्षेत्रों में कुशल तकनीकें और व्यापक इंजीनियरिंग समाधान प्रदान करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर