ब्रिक्स के रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक तिरुवनंतपुरम में बुधवार से
नई दिल्ली, 05 मई (हि.स)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक 6-7 मई (बुधवार-गुरुवार) को केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित की जाएगी। इसके सदस्य देश बैठक के दौरान सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों में सुधार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, कौशल के बारे में जानकारी एकत्र करने और डिजिटल समाधानों का लाभ उठाने पर विचार-विमर्श करेंगे।
श्रम और रोजगार मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में बतया कि ब्रिक्स के रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक छह मई से केरल के तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी। इस बैठक में ब्रिक्स के सदस्य देशों ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात के श्रम, रोजगार और श्रमिक कल्याण से संबंधित प्रतिनिधि एक साथ भाग लेंगे।
मंत्रालय के मुताबिक रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक इस समूह की पहली बैठक के दौरान हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाने और सदस्य देशों के बीच भारत की अध्यक्षता में प्रस्तावित प्राथमिकताओं और लक्ष्यों पर अधिक केंद्रित समझ विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगी। कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी और समावेश को बढ़ाना इस बैठक में चर्चा का एक प्रमुख विषय होगा।
इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन, अंतरराष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ और संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर कार्यालय सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की भागीदारी होगी जो संबंधित विषयों पर विशेषज्ञतापूर्ण जानकारी और दृष्टिकोण प्रदान करेंगे। रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक 16-17 मार्च, 2026 को वर्चुअल माध्यम से आयोजित इसकी पहली सफल बैठक के बाद हो रही है।
श्रम और रोजगार मंत्रालय ने कहा कि दूसरी ईडब्ल्यूजी बैठक में ब्रिक्स के सदस्य देशों और ज्ञान साझेदारों की सक्रिय भागीदारी से श्रम, रोजगार और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में सुसंगत, दूरदर्शी और पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणामों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर