सैनस्टार लिमिटेड ने इंग्रेडियन इनकॉर्पोरेटेड के साथ रणनीतिक साझेदारी की
नई दिल्ली, 28 मई (हि.स)। अहमदाबाद स्थित मक्का-आधारित खास उत्पादों और सामग्री समाधानों की एक अग्रणी कंपनी सैनस्टार लिमिटेड (सैनस्टार) ने गुरुवार को प्रेफरेंशियल इश्यू और जॉइंट वेंचर के जरिए इंग्रेडियन इनकॉर्पोरेटेड के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।
सैनस्टार लिमिटेड ने अमेरिका में स्थित 7.2 अरब डॉलर की बहुराष्ट्रीय कंपनी इंग्रेडियन इनकॉर्पोरेटेड (एनवाईएसई: आईएनजीआर) के साथ दो पक्के समझौते किए हैं। कंपनी ने यह रणनीतिक साझेदारी भारत के खास सामग्री क्षेत्र में विकास को और तेज करने के उद्देश्य से की गई है, जो ज़रूरी शेयरधारक और अन्य लागू मंज़ूरियों के अधीन है।
कंपनी के मुताबिक इस साझेदारी में इंग्रेडियन इनकॉर्पोरेटेड द्वारा सैनस्टार में प्रेफरेंशियल इक्विटी निवेश शामिल है, साथ ही भारत में एक संयुक्त स्वामित्व वाला उद्यम स्थापित करने की योजना भी है, जो खास फार्मास्युटिकल एक्सिपिएंट्स और अन्य उच्च-मूल्य वाले सामग्री समाधानों पर केंद्रित होगा।
सैनस्टार लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर, गौतम चौधरी ने इस घोषणा पर बात करते हुए कहा, इंग्रेडियन के साथ यह पार्टनरशिप सैनस्टार के विकास में एक अहम मोड़ है, एक प्रमुख कॉर्न स्टार्च बनाने वाली कंपनी से एक पूरी रेंज वाली स्पेशलिटी इंग्रीडिएंट्स कंपनी बनने की दिशा में।
चौधरी ने कहा कि प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए एक विश्व स्तरीय, रणनीतिक एंकर इन्वेस्टर हमारे साथ जुड़ रहा है, जबकि जॉइंट वेंचर हमें उन सेक्टरों के लिए मिलकर ऐसे हाई-वैल्यू प्रोडक्ट बनाने का मौका देगा, जिनमें सटीकता, शुद्धता और इनोवेशन की मांग होती है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि इस सहयोग में हमारे सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए लंबे समय तक महत्वपूर्ण वैल्यू बनाने की क्षमता है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर