पंजाब नेशनल बैंक का अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध लाभ 5,253 करोड़ रुपये

 


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की (अप्रैल-जून) पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। बैंक का पहली तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ तीन गुना से ज्यादा होकर 5,253 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में बैंक का शुद्ध लाभ 1,675 करोड़ रुपये रहा था।

पीएनबी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि 30 जून, 2026 को समाप्त पहली तिमाही में उसकी कुल आय 37,231 करोड़ रुपये पर स्थिर रही। हालांकि, बैंक की ब्याज आय थोड़ी बढ़कर 32,897 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 31,964 करोड़ रुपये रही थी। इस दौरान बैंक का परिचालन लाभ बढ़कर 7,519 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में ये 7,081 करोड़ रुपये था।

पंजाब नेशनल बैंक के अनुसार बैंक की संपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। अप्रैल-जून तिमाही में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घटकर कुल कर्ज का 2.78 फीसदी रही, जो एक साल पहले 3.78 फीसदी थी। इसी तरह शुद्ध एनपीए यानी फंसा कर्ज घटकर 0.26 फीसदी रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में ये 0.38 फीसदी था।

बैंक के अनुसार कुल रकम के रूप में सकल एनपीए घटकर 35,381 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 42,673 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, शुद्ध (एनपीए) घटकर 3,433 करोड़ रुपये रहा., जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4,132 करोड़ रुपये था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर