पीयूष गोयल व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए कनाडा का करेंगे दौरा

 




नई दिल्ली, 23 मई (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 25 से 27 मई के बीच कनाडा का दौरा करेंगे। इस दौरे पर वे लगभग 150 कारोबारी नेताओं और भारतीय उद्योगपतियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मज़बूत करना है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में बताया कि पीयूष गोयल 25 से 27 मई के बीच व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 150 कारोबारी नेताओं के साथ कनाडा का दौरा करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल ओटावा और टोरंटो में कनाडा के मंत्रियों, कारोबारी नेताओं और उद्योग समूहों के साथ बैठकें करेगा।

मंत्रालय के मुताबिक गोयल भारत और कनाडा राजनयिक तनाव के कारण द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में आई सुस्ती के बाद आर्थिक संबंधों को फिर से मज़बूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, गोयल ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत को उम्मीद है कि वह कनाडा के साथ एक मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) करेगा, जिसमें ऊर्जा और ज़रूरी खनिजों जैसे सेक्टर शामिल होंगे और साथ ही भारतीय कपड़ा और चमड़ा कंपनियों के लिए भी मौके बनेंगे। इस दौरे में बातचीत का मुख्य ज़ोर टेक्नोलॉजी, फ़ूड प्रोसेसिंग, स्वच्छ ऊर्जा और ज़रूरी खनिजों के क्षेत्र में सहयोग पर होगा।

उल्लेखनीय है कि मार्च में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की नई दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों देश एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत करने के लिए शर्तों को अंतिम रूप देने पर सहमत हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर