पेट्रोल-डीजल की कीमतें अभी कम करना संभव नहीं : हरदीप सिंह पुरी

 


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें अभी कम करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर अगले कुछ हफ्तों तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम बनी रहती हैं, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर फिर से विचार किया जाएगा।

हरदीप सिंह पुरी ने प्रेसवार्ता में कहा कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान वैश्विक कच्चे तेल बाजारों में उतार-चढ़ाव के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतें काफी हद तक स्थिर रही हैं। लागत से कम दाम पर ईंधन बेचने की वजह से देश की सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों (ओएमसी) को 30 जून तक 74,781 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि पिछले चार साल में पेट्रोल की कीमतों में केवल 5.58 फीसदी और डीजल की कीमतों में 6.23 फीसदी की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान समझौते के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें नीचे आने लगी हैं। अगर यह 2-3 महीने तक चला तो महीनों में तेल कीमतों में राहत की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि फिलहाल इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि सरकारी तेल विपणन कंपनियां अब भी लगभग 2.18 लाख करोड़ रुपये का वित्तीय घाटा वसूल कर रही हैं। इन कंपनियों के पास अब भी उच्च अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों पर खरीदा गया ईंधन भंडार मौजूद है। इससे खुदरा कीमतों में तत्काल कमी करना अव्यावहारिक हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार देश की ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक योजनाएं बना रही है। भारत की शोधन क्षमता 2030 तक बढ़कर 309.5 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) होने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर