एनएसई का बाजार मूल्यांकन रिकॉर्ड 5.88 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) गुरुवार को रिकॉर्ड 5.88 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही कंपनी का शेयर भी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
स्टॉक मार्केट के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर एनएसई का शेयर 3.55 फीसदी चढ़कर रिकॉर्ड 2,400 रुपये पर पहुंच गया है। पिछले दो कारोबारी सत्रों में इसमें करीब नौ फीसदी की तेजी आई है। इससे एनएसई का बाजार मूल्यांकन 5,88,332.25 करोड़ रुपये (लगभग 63.55 अरब अमेरिकी डॉलर) रहा। घरेलू बाजार मूल्यांकन के लिहाज से यह नौवें स्थान पर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के शेयर ने 24 सितंबर को ही बीएसई पर कारोबार शुरू किया था। सितंबर में बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद से इसके शेयर की कीमत में 32 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 1,785 रुपये के निर्गम मूल्य की तुलना में इसमें 34 फीसदी से अधिक की तेजी भी आई है।
उल्लेखनीय है कि एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को करीब छह गुना अभिदान मिला था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर