वरिष्ठ नौकरशाह निधि छिब्बर को नीति आयोग के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार

 


नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स)। केंद्र सरकार ने निधि छिब्बर को नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार दिया है। निधि छिब्बर वर्तमान में नीति आयोग के विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय (डीएमईओ) की महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि वरिष्ठ नौकरशाह निधि छिब्बर को मंगलवार को नीति आयोग के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। सरकार ने मौजूदा सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम का तीन साल का कार्यकाल आज पूरा होने के बाद निधि छिब्बर को नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया है।

छत्तीसगढ़ कैडर की 1994 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी छिब्बर ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। छिब्बर वर्तमान में नीति आयोग के विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

इससे पहले वे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की अध्यक्ष रह चुकी हैं, जहां उन्होंने प्रमुख सुधारों और परीक्षा प्रक्रिया की देखरेख की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर