बीएसई में 24 मार्च को सूचीबद्ध होगा एनएचएआई का पब्लिक इन्विट
नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (आरआईआईटी) का पहला सार्वजनिक बुनियादी ढांचा निवेश ट्रस्ट (पब्लिक इन्विट) 24 मार्च को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध किया जाएगा। समारोह में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ मंत्रालय और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय के अनुसार इस आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और यह लगभग 14 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ। इसमें विभिन्न श्रेणियों के निवेशकों ने भाग लिया। मंत्रालय ने बताया कि यह मजबूत सब्सक्रिप्शन भारत की विकास गाथा, वित्तीय बाजारों की मजबूती और सरकार की पारदर्शी एवं सुधारोन्मुख परिसंपत्ति मुद्रीकरण नीति में निवेशकों के विश्वास को दर्शाता है। इस नीति का उद्देश्य पूंजी का प्रभावी पुनर्चक्रण और अवसंरचना विकास को गति देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर