'उड़ान' के अगले चरण में 120 नए डेस्टिनेशन जुड़ेंगे: राम मोहन नायडू

 




नागरिक उड्डयन मंत्री ने संशोधित 'उड़ान' पर स्टेकहोल्डर वर्कशॉप का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने गुरुवार को कहा कि 'उड़ान' योजना के अगले चरण का मकसद 120 नई जगहों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाना और अगले 10 सालों में चार करोड़ यात्रियों को यात्रा करने में सक्षम बनाना है।

किंजरापु राम मोहन नायडू ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में संशोधित 'उड़ान' योजना के अगले चरण पर आयोजित स्टेकहोल्डर वर्कशॉप के उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में यह बात कही। नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि इस बदली हुई योजना में 'वायबिलिटी गैप फंडिंग' के लिए पात्रता का दायरा को बढ़ाया गया है, एयरलाइंस को मिलने वाली मदद की अवधि तीन साल से बढ़ाकर पांच साल कर दी गई है।

नायडू ने कहा कि 'उड़ान' योजना के अगले चरण पर आयोजित एक वर्कशॉप को संबोधित करते हुए कहा कि चुनिंदा टियर-2 और टियर-3 एयरपोर्ट्स के लिए ऑपरेशन और मेंटेनेंस में मदद की सुविधा भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना के अगले चरण के लिए 29 हजार करोड़ रुपये का बजट तय किया है, जिसका लक्ष्य अगले दशक में 100 और एयरपोर्ट और 200 हेलीपोर्ट बनाना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 'उड़ान'का अगला चरण देश में ही विमान बनाने में मदद करके मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (एमआरओ) इकोसिस्टम को मजबूत करके रोजगार पैदा करके और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देकर 'आत्मनिर्भर भारत' को और आगे बढ़ाएगा।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि इस वर्कशॉप का उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने किया। इस मौके पर नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के चेयरमैन विपिन कुमार भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि संशोधित 'उड़ान' योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 04 जुलाई, 2026 को जोधपुर एयरपोर्ट से शुरू की गई थी। इस योजना का विस्तार अगले 10 वर्षों के लिए किया गया है, जिसका ऐतिहासिक बजट 28,840 करोड़ रुपये है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर