19 नवंबर को लॉन्च होगा महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ, 27 नवंबर को हो सकती है लिस्टिंग

 




नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। कोल माइनिंग सेक्टर की दिग्गज सरकारी कंपनी और कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक इकाई महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड का करीब 9,500 करोड़ रुपये का आईपीओ 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 23 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 25 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 26 नवंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 27 नवंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के मेनबोर्ड प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए प्राइस बैंड और लॉट साइज की घोषणा अभी नहीं की गई है। इस आईपीओ के तहत दो रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 66,18,36,300 शेयर जारी किए जा रहे हैं। यह पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) पर आधारित है, जिसमें प्रमोटर कोल इंडिया लिमिटेड अपनी 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है। इसमें कोई नए शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं, इसलिए इस इश्यू से मिलने वाली पूरी रकम प्रमोटर कोल इंडिया के पास जाएगी और कंपनी को कोई धनराशि प्राप्त नहीं होगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से कोल इंडिया के कर्मचारियों के लिए 3.3 करोड़ शेयर यानी 5 प्रतिशत हिस्सा और कोल इंडिया के शेयरधारकों के लिए 6.61 करोड़ शेयर यानी 10 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा गया है। शेष नेट ऑफर में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए कम से कम 35 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए कम से कम 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस पूरे इश्यू के लिए एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, बीओबी कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो कंपनी द्वारा सेबी के पास जमा किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति काफी मजबूत बनी हुई है। हालांकि इसके शुद्ध लाभ में लगातार गिरावट आई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 11,841.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 10,825.12 करोड़ रुपये रहा। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ और गिरावट के साथ 10,698.12 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी को 4,880.66 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में कमोबेश स्थिरता बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 33,590.34 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 33,028.65 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 33,899.28 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी को 17,107.83 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी ने अपने ऊपर लदे कर्ज के बोझ को लगातार कम करने में सफलता हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 3.95 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 3.35 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में और कम होकर 3.16 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज घट कर महज 2.76 करोड़ रुपये रह गया था।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 50,687.79 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 53,590.53 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 55,358.27 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 57,711.68 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 14,700.91 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 16,873.51 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 19,932.31 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक यह और बढ़ कर 20,945.38 करोड़ रुपये हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 16,119.91 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 18,343.49 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 21,371.23 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ 22,399.80 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 16,636.91 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 15,331.11 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 16,084.93 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 7,463.98 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

वर्ष 1992 में स्थापित महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड उत्पादन के मामले में भारत की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है, जो मुख्य रूप से नॉन-कोकिंग कोयले के खनन और उत्पादन का काम करती है। कंपनी मुख्य रूप से ओडिशा के तालचर और इब वैली कोयला क्षेत्रों में कुल 17 खदानों का संचालन करती है, जिनमें 14 ओपनकास्ट और 3 भूमिगत खदानें शामिल हैं। इसके उत्पाद मुख्य रूप से बिजली क्षेत्र के साथ-साथ सीमेंट, स्पंज आयरन, स्टील, एल्यूमिनियम और पेपर उद्योगों की जरूरतों को पूरा करते हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक