अगले सप्ताह प्राइमरी मार्केट में जमकर होगी हलचल, एनएसई और हीरो मोटर्स समेत 11 नए आईपीओ की लॉन्चिंग
- लिस्टिंग के साथ स्टॉक मार्केट में कारोबार शुरू करेंगी 19 कंपनियां
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। मंगलवार यानी 15 सितंबर से शुरू हो रहा कारोबारी सप्ताह आईपीओ के लिहाज से ब्लॉकबस्टर रहने वाला है। नए हफ्ते में एनएसई और हीरो मोटर्स के आईपीओ समेत 11 नए पब्लिक इश्यू खुलने जा रहे हैं। इनमें से 5 मेनबोर्ड सेगमेंट से हैं। जबकि शेष छह कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं। इसके अलावा नए सप्ताह में पहले से खुले 8 आईपीओ में भी पैसे लगाने का मौका रहेगा। नए शुरू हो रहे सप्ताह में 19 कंपनियों के शेयर अपनी शुरुआत करने वाले हैं। इनमें से 11 कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की हैं। जबकि शेष 8 कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं।
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 15 सितंबर को वामा वुवेनफैब का 49.54 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 17 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 324 रुपये प्रति शेयर से लेकर 341 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 400 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 22 सितंबर को बीएसई एसएमई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम 28 रुपये पर चल रहा है।
इसी दिन यानी 15 सितंबर को ही एसएमई सेगमेंट का दूसरा आईपीओ क्वांतो एग्रोवर्ल्ड भी खुलेगा, जिसका कुल साइज 31.02 करोड़ रुपये है। इसमें 17 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। इस इश्यू का प्राइस बैंड 67 रुपये प्रति शेयर (फिक्स्ड प्राइस) और लॉट साइज 2,000 शेयरों का तय किया गया है। इसकी लिस्टिंग 22 सितंबर को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर संभावित है। इसका वर्तमान ग्रे मार्केट प्रीमियम 8 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
15 सितंबर को ही खुलने वाला तीसरा इश्यू शक्ति पॉलीटार्प का है, जो करीब 26.93 करोड़ रुपये जुटाने बाजार में आ रहा है। 17 सितंबर तक खुली रहने वाली इस विंडो के लिए 56 रुपये प्रति शेयर से लेकर 59 प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 2,000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसकी लिस्टिंग 22 सितंबर को बीएसई एसएमई पर होगी। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम 11 रुपये के स्तर पर बना हुआ है।
इसके अगले दिन 16 सितंबर को मेनबोर्ड सेगमेंट में भारी हलचल होगी, जब तीन बड़े आईपीओ एक साथ दस्तक देंगे। पहला बड़ा नाम दिग्गज टू-व्हीलर कंपोनेंट निर्माता हीरो मोटर्स का है। ये कंपनी 1,000 करोड़ रुपये का बड़ा आईपीओ लेकर आ रही है। इस इश्यू में निवेशक 18 सितंबर तक दांव लगा सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए 79 रुपये प्रति शेयर से लेकर 84 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 178 शेयरों का लॉट साइज तय किया है। इसकी लिस्टिंग 23 सितंबर को एनएसई और बीएसई दोनों पर होगी। ग्रे मार्केट में इसका जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। फिलहाल इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम 24 रुपये पर पहुंच चुका है।
इसी दिन यानी 16 सितंबर को ही रिटेल सेक्टर की कंपनी एसएस रिटेल का 500 करोड़ रुपये का आईपीओ भी खुलेगा, जिसमें 18 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। इसके लिए 403 रुपये प्रति शेयर से लेकर 424 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 35 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। 23 सितंबर को एनएसई और बीएसई पर लिस्ट होने वाले इस इश्यू का ग्रे मार्केट प्रीमियम फिलहाल 32 रुपये के स्तर पर है।
16 सितंबर को ही तीसरा मेनबोर्ड आईपीओ जिंदल सुप्रीम (इंडिया) का खुलेगा, जिसका कुल इश्यू साइज 124.88 करोड़ रुपये है। 18 सितंबर को बंद होने वाले इस आईपीओ के लिए 88 रुपये प्रति शेयर से लेकर 93 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 161 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसकी लिस्टिंग 23 सितंबर को एनएसई व बीएसई पर होगी। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम फिलहाल 12 रुपये पर बना हुआ है।
इसके अगले दिन 17 सितंबर को भारतीय कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा दिन होगा, जब देश का सबसे बड़ा एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) अपना 22,561.57 करोड़ रुपये का मेगा आईपीओ लेकर आएगा। इस ऐतिहासिक इश्यू में निवेशक 21 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे। इसका प्राइस बैंड 1,700 रुपये प्रति शेयर से लेकर 1,785 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज बेहद छोटा यानी सिर्फ 8 शेयरों का रखा गया है। सेबी के नियमों के चलते इसकी लिस्टिंग सिर्फ बीएसई पर 24 सितंबर को होगी। ग्रे मार्केट में इसका भारी दबदबा है और ये फिलहाल 207 रुपये ग्रे मार्केट प्रीमियम के रिकॉर्ड स्तर पर नजर आ रहा है।
17 सितंबर को ही मेनबोर्ड का एक और इश्यू सोनासिलेक्शन इंडिया भी खुलेगा, जिसका कुल साइज 141.57 करोड़ रुपये है। 21 सितंबर तक चलने वाले इस आईपीओ का प्राइस बैंड 94 रुपये प्रति शेयर से लेकर 99 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 150 शेयरों का है। इसकी लिस्टिंग 24 सितंबर को एनएसई और बीएसई पर होगी। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम फिलहाल 15 रुपये के स्तर पर है।
इसी तारीख यानी 17 सितंबर को ही एसएमई सेगमेंट के दो और आईपीओ भी रेस में शामिल होंगे। पहला स्पेक्ट्राए टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस का 42.52 करोड़ रुपये का आईपीओ है, जो 21 सितंबर को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 112 रुपये प्रति शेयर से लेकर 118 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 1,600 शेयरों का है। इसकी लिस्टिंग 24 सितंबर को एनएसई इमर्ज पर होगी। फिलहाल इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम 14 रुपये के स्तर पर है।
इसी दिन एसएमई सेगमेंट में लॉन्च होने वाला दूसरा आईपीओ खेरिया ऑटोकॉम्प का है, जिसका साइज 46.44 करोड़ रुपये है। यह आईपीओ 21 सितंबर को क्लोज होगा। इसके लिए 96 रुपये प्रति शेयर से लेकर 101 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 1,200 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसकी लिस्टिंग 24 सितंबर को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर होगी। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम फिलहाल 18 रुपये के स्तर पर देखा जा रहा है।
इसके अगले दिन यानी हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन 18 सितंबर को एसएमई सेगमेंट का आखिरी इश्यू एक्सियम गैस इंजीनियरिंग सब्सक्रिप्शन के लिए लाइव होगा। 49.81 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में निवेशक 22 सितंबर तक पैसा लगा सकेंगे। इसके लिए 50 रुपये प्रति शेयर से लेकर 53 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 2,000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसकी लिस्टिंग 25 सितंबर को एनएसई इमर्ज पर होगी। ग्रे मार्केट में इसका पहला ग्रे मार्केट प्रीमियम 9 रुपये के स्तर पर खुला है।
इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च हुए वीगालैंड डेवलपर्स, महाराजा एंड स्पीडेक्स, ओम गैलेक्सी, रक्सन ट्रांसफॉर्मर्स, पंचत्व भारत के आईपओ में 15 सितंबर तक बोली लगाई जा सकती है। इसी तरह इंजेक्टो पॉलिमर्स, सेंचुरी बिजनेस मीडिया और मनिका प्लास्टेक के आईपओ में 16 सितंबर तक बोली लगाई जा सकती है।
जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह 15 सितंबर को प्रणव कंस्ट्रक्शन की बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग होगी, जबकि अपनी लॉजिस्टिक्स की लिस्टिंग बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर होगी। इसके अगले दिन 16 सितंबर को बीएसई और एनएसई पर कनोहर इलेक्ट्रिकल्स, प्रसोल केमिकल्स और ग्लास वॉल सिस्टम्स के लिस्ट होने की उम्मीद है। वहीं 17 सितंबर को रेंटोमोजो, एसेट रीकंस्ट्रक्शन, मणिपाल पेमेंट एंड आईडेंटिटी सॉल्यूशंस, स्टीम हाउस इंडिया, करमतारा इंजीनियरिंग और एलसीसी प्रोजेक्ट्स के शेयर बीएसई ओर एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।
इसी दिन बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इंफ्रैक्स रिन्यूएबल और एमटेक एस्टर्स के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। जबकि विनोद टेक्सवर्ल्ड के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 18 सितंबर को बीएसई और एनएसई पर वीगालैंड डेवलपर्स के शेयरों के लिस्ट होने की उम्मीद है। इसी दिन बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर ओम गैलेक्सी, पंचत्व भारत, रक्सन ट्रांसफॉमर्स और महाराजा एंड स्पीडेक्स के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक