प्राइमरी मार्केट में अगले सप्ताह खुलेंगे 5 नए आईपीओ, 5 कंपनियों की होगी लिस्टिंग
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। सोमवार यानी 20 जुलाई से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में सामान्य हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह पांच कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। इनमें दो कंपनियों के आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि शेष तीन आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इसके अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले दो आईपीओ में भी 21 और 22 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह पांच कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें तीन कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की जबकि शेष दो कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं।
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 20 जुलाई को गल्फ लॉयड्स का 18.19 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 22 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 100 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 27 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
इसके अगले दिन 21 जुलाई को मेटैलिक टेक्नोफोर्ज का 49.96 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 23 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 72 रुपये प्रति शेयर से लेकर 77 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,600 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 28 जुलाई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 22 जुलाई को क्यूब हाइवेज ट्रस्ट का 5,000 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 24 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 151 रुपये प्रति शेयर से लेकर 152 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 29 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
श्री बालाजी माला का 18.90 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 जुलाई को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 24 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 66 रुपये प्रति शेयर से लेकर 70 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 291 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
इसके अलावा सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन 23 जुलाई को एक्स्ट्रानेट टेक्नोलॉजीज का 166.80 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 27 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 120 रुपये प्रति शेयर से लेकर 127 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 110 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 30 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 16 जुलाई को सब्सक्रिप्शन लिए खुले सौटेफिन भारत के 89.76 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी 20 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 178 रुपये प्रति शेयर से लेकर 187 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 600 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 23 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 80 प्रतिशत सब्सक्राइब हो चुका है।
इसी तरह पिछले सप्ताह 17 जुलाई को सब्सक्रिप्शन लिए खुले कैलिबर माइनिंग के 450 करोड़ रुपये के आईपीओ में मंगलवार यानी 21 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 402 रुपये प्रति शेयर से लेकर 424 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 35 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 1.31 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के दूसरे दिन 21 जुलाई को एसबीआई फंड्स लिमिटेड और अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इसी दिन बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में काम काज की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद 23 जुलाई को सौटेफिन भारत के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। इसके बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 24 जुलाई को कैलिबर माइनिंग के शेयरों की बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक