इस सप्ताह तीन कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, दस कंपनियोें के शेयरों की होगी लिस्टिंग

 


नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। सोमवार यानी 06 जुलाई से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में हलचल बनी रहने वाली है। हालांकि इस हलचल में आईपीओ लॉन्चिंग की हिस्सेदारी कम रहेगी, वहीं आईपीओ लिस्टिंग जम कर होगी। इस सप्ताह सिर्फ तीन कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। इनमें एक कंपनी का आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट का है, जबकि शेष दो आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इसके अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले एक आईपीओ में भी 07 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह दस कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें दो कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की और शेष आठ कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं।

सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 08 जुलाई को कुसुमगर लिमिटेड का 650 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 10 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 398 रुपये प्रति शेयर से लेकर 419 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 35 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 15 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसके अगले दिन 09 जुलाई को देवसन कैटालिस्ट का 42.34 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 13 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 112 रुपये प्रति शेयर से लेकर 118 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 16 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन हैप्पी स्टील्स का 25 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 13 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 62 रुपये प्रति शेयर से लेकर 66 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 16 जुलाई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 03 जुलाई को सब्सक्रिप्शन लिए खुले आईसी इलेक्ट्रिकल्स के 47.91 करोड़ रुपये के आईपीओ में 07 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 94 रुपये से लेकर 99 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 10 जुलाई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 7.18 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के पहले दिन 06 जुलाई को ही आस्था स्पिनटेक्स के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसी दिन बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर एडॉन एग्रो कमोडिटीज के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इसके अगले दिन 07 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर क्रैटिकल टेक, सीमैक्स रिसोर्सेज, अथर्व पॉलीप्लास्ट और संपर्क इंडिया लॉजिस्टिक्स के शेयर लिस्टिंग के जरिये स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं। इसी दिन विनीत मोबाइल और तेजा इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज के शेयरों की एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग हो सकती है।

इसी तरह सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार यानी 08 जुलाई को नैक पैकेजिंग के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआ कर सकते हैं। वहीं, सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 10 जुलाई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर आईसी इलेक्ट्रिकल्स के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक