इस सप्ताह दो कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, चार शेयरों की होगी लिस्टिंग
नई दिल्ली, 10 मई (हि.स.)। सोमवार यानी 11 मई से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में मामूली हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह दो कंपनियां अपना आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। ये दोनों आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इस सप्ताह मेनबोर्ड सेगमेंट का कोई आईपीओ नहीं खुलने वाला है। इन दो नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह खुले एक आईपीओ में भी इस सप्ताह निवेशक बोली लगा सकेंगे। ये आईपीओ भी एसएमई सेगमेंट का ही है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह चार कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं।
इस सप्ताह के दूसरे दिन 12 मई को आरएफबीएल फ्लेक्सी पैक का 35.33 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 14 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 47 रुपये से लेकर 50 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 3,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 19 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हो सकती है।
गोल्डलाइन फार्मास्यूटिकल का 12 मई को ही 11.61 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इस इश्यू में भी 14 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 41 रुपये से लेकर 43 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 3,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 19 मई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हो सकती है।
इन दोनों नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह आठ मई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले सिम्का एडवर्टाइजिंग के 58.04 करोड़ रुपये के आईपीओ में मंगलवार यानी 12 मई तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 174 रुपये से लेकर 183 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 600 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 15 मई को कंपनी के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 65 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
शेयर बाजार में इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 11 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफार्म पर वैल्यू 360 कम्यूनिकेशंस की लिस्टिंग हो सकती है। इसके बाद 12 मई को रिकोड स्टुडियोज के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 15 मई को बागमाने प्राइम ऑफिस रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (आरईआईटी) के शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसी दिन सिम्का एडवर्टाइजिंग के शेयर भी एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक