अगले सप्ताह प्राइमरी मार्केट में रहेगा सूखा, किसी नए आईपीओ की नहीं होगी लॉन्चिंग

 


- स्टॉक मार्केट में सात कंपनियों के शेयरों की हो सकती है लिस्टिंग

नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। सोमवार यानी 30 मार्च से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में सूखा रहने वाला है। इस सप्ताह किसी भी नए आईपीओ की लॉन्चिंग की संभावना नहीं है। हालांकि पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले दो आईपीओ में इस सप्ताह निवेशक बोली लगा सकेंगे। ये दोनों आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इनमें एक में कल यानी 30 मार्च तक बोली लगाई जा सकेगी, जबकि दूसरे में आठ अप्रैल तक बोली लगाई जा सकती है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह सात कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें चार कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की हैं।

पिछले सप्ताह 25 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले विविड इलेक्ट्रोमेक के 130.54 करोड़ रुपये के आईपीओ में 30 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 528 रुपये से लेकर 555 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 240 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद सात अप्रैल को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इस आईपीओ को अभी तक 61 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला है।

इसी तरह पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 27 मार्च को सबस्क्रिप्शन के लिए खुले एमिएक टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में आठ अप्रैल तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 93 रुपये से लेकर 98 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयर 13 अप्रैल को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। इस आईपीओ को अभी तक 11 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल सका है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 30 मार्च को ही कोल इंडिया की सहायक कंपनी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसी दिन स्पेशियलिटी मेडिसिन्स के शेयरों की बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग हो सकती है। एक अप्रैल को टिपको इंजीनियरिंग के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कामकाज की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद दो अप्रैल को साई पैरेंटेरल लिमिटेड, पावरिका लिमिटेड और अमीर चंद जगदीश कुमार के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। इसी दिन हाईनेस माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों की बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक