छत्तीसगढ़ में होंडा कार्स इंडिया ने पेश की नई सिटी और जेडआर-वी, 2030 तक कंपनी करेगी भारत में विस्तार

 




रायपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) ने नई सिटी और ग्लोबल प्रीमियम हाइब्रिड एसयूवी ऑल-न्यू होंडा जेडआर-वी पेश कर दी है। 2030 तक कंपनी भारत में अपना विस्तार करेगी।

एचसीआईएल ने मंगलवार को वर्ष 2030 तक भारत में कारोबार विस्तार का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए देश को अपने तीन प्रमुख वैश्विक बाजारों में शामिल बताया है। कंपनी ने कहा कि भारत उसके भविष्य के विकास का प्रमुख केंद्र होगा और इसी रणनीति के तहत 2028 से नए एसयूवी मॉडल तथा वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। इसकी रोड टेस्टिंग शुरू हो चुकी है।

इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कंपनी ने हाल ही में लॉन्च की गई नई होंडा सिटी और ग्लोबल प्रीमियम हाइब्रिड एसयूवी ऑल-न्यू होंडा जेडआर-वी को पेश किया। कंपनी ने बताया कि छत्तीसगढ़ उसके प्रमुख बाजारों में शामिल है और राज्य में होंडा सिटी, एलिवेट और अमेज जैसे मॉडलों को ग्राहकों से लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

इस अवसर पर होंडा कार्स इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट मार्केटिंग एवं सेल्स कुणाल बहल ने कहा कि भारत में कंपनी के लिए विकास का महत्वपूर्ण दौर शुरू हो रहा है। कंपनी इस साल देश में छह नए वाहन पेश करने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ होंडा के लिए महत्वपूर्ण बाजार है और यहां ग्राहकों का ब्रांड पर लगातार भरोसा बना हुआ है।

कंपनी ने बताया कि 2028 से सब-4 मीटर एसयूवी और मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में नए मॉडल लॉन्च किए जाएंगे। साथ ही लागत-कुशल वाहनों के अलावा भारत-केंद्रित और वैश्विक मॉडल भी बाजार में उतारे जाएंगे। नई होंडा सिटी को स्पोर्टी डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर और आधुनिक सुरक्षा तकनीक के साथ पेश किया गया है। इसमें 10.1 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, 360 डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट, एंबियंट लाइटिंग और यूएसबी-सी चार्जिंग जैसे फीचर दिए गए हैं।

सुरक्षा के लिए होंडा सेंसिंग एडीएएस तकनीक के तहत कोलिजन मिटिगेशन ब्रेकिंग सिस्टम, एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, रोड डिपार्चर मिटिगेशन, लीड कार डिपार्चर नोटिफिकेशन और ऑटो हाई बीम जैसे फीचर शामिल किए गए हैं। यह मॉडल पेट्रोल और ई:एचईवी हाइब्रिड पावरट्रेन विकल्पों में उपलब्ध है। कंपनी के अनुसार हाइब्रिड मॉडल 27.26 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देता है।

रायपुर में नई होंडा सिटी की एक्स-शोरूम कीमत 12.07 लाख रुपये से शुरू होकर 21.43 लाख रुपये तक रखी गई है। यह एमटी, सीवीटी और ई:एचईवी वेरिएंट में उपलब्ध होगी। कंपनी ने अपनी फ्लैगशिप प्रीमियम हाइब्रिड एसयूवी ऑल-न्यू जेडआर-वी भी रायपुर में पेश की। इसमें 2.0 लीटर स्पोर्ट्स हाइब्रिड सिस्टम, ड्युअल मोटर हाइब्रिड सेटअप और ई-सीवीटी ट्रांसमिशन दिया गया है। कंपनी के अनुसार यह 184 पीएस की संयुक्त शक्ति और 315 एनएम टॉर्क उत्पन्न करती है तथा 22.79 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देती है।

जेडआर-वी में 18 इंच अलॉय व्हील, फुल एलईडी लाइटिंग, लेदर अपहोल्स्ट्री, ड्युअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 9 इंच टचस्क्रीन, 10.2 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जिंग और 12-स्पीकर बोस साउंड सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सुरक्षा के लिए इसमें होंडा सेंसिंग एडीएएस, आठ एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, व्हीकल स्टेबिलिटी असिस्ट, हिल डिसेंट कंट्रोल और ड्राइवर अटेंशन मॉनिटर उपलब्ध हैं।

रायपुर में जेडआर-वी की एक्स-शोरूम कीमत 47.99 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यह मॉडल जापान से पूरी तरह निर्मित यूनिट (सीबीयू) के रूप में भारत लाया जा रहा है। कंपनी ने दोनों मॉडलों पर तीन वर्ष की अनलिमिटेड किलोमीटर स्टैंडर्ड वारंटी दी है, जिसे नई सिटी में सात वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं जेडआर-वी के हाइब्रिड सिस्टम और बैटरी के लिए अलग वारंटी प्रावधान भी उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल