शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13.21 फीसदी बढ़कर 13.38 लाख करोड़ रुपये हुआ

 




नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। कॉरपोरेट कर संग्रह में अच्छी वृद्धि से चालू वित्त वर्ष 2026-27 में एक अप्रैल से 14 अक्टूबर के बीच शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13.21 फीसदी बढ़कर करीब 13.38 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान शुद्ध कॉरपोरेट कर संग्रह 20.58 फीसदी बढ़कर 5.99 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जबकि गैर-कॉरपोरेट कर (व्यक्ति, कंपनियों और हिंदू अविभाजित परिवारों द्वारा चुकाया जाने वाला कर) संग्रह 5.83 फीसदी बढ़कर करीब 6.92 लाख करोड़ रुपये रहा।

आयकर विभाग के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 में 14 अक्टूबर तक प्रतिभूति लेन-देन कर (एसटीटी) संग्रह 52 फीसदी बढ़कर 46,840 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि में कर ‘रिफंड’ (कर वापसी) सालाना आधार पर 24.22 फीसदी बढ़कर 2.65 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा सकल आधार पर प्रत्यक्ष कर संग्रह भी 14 अक्टूबर तक 15 फीसदी बढ़कर 16.03 लाख करोड़ रुपये रहा है। इसमें 7.53 लाख करोड़ रुपये का कॉरपोरेट कर संग्रह और 8.03 लाख करोड़ रुपये का गैर-कॉरपोरेट कर संग्रह शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर